मासूम को तलाश रहे थे सोशल मीडिया पर, वो ऐसी हालत में मिला, देख बिलख उठे मां-बाप

एक परिवार अपने मासूम बच्चे को पूरे गांव और सोशल मीडिया में तलाश रहा था। लेकिन घर के पास ही वो ऐसी हालत में मिला की सभी के होश उड़ गए। पंजाब के अबोहर के गांव धर्मपुरा में एक मासूम की जान चली गई। पूरा परिवार सोशल मीडिया और गांव में इधर-उधर ढूंढता रहा लेकिन बच्चा घर के सामने ही बने तालाब में डूब गया।गांव धर्मपुरा निवासी 2 वर्षीय हरमन पुत्र गुरप्रीत सिंह मंगलवार दोपहर चार बजे घर के बाहर अपने बडे़ भाई 5 वर्ष के अनमोल के साथ खेल रहा था। कुछ देर बाद जब माता-पिता को बच्चा नहीं मिला। लोगों का शक सामने बने तालाब में गया। सूचना मिलते ही लोगों तालाब के इर्दगिर्द एकत्रित हो गए और ट्रैक्टर की मदद से पानी निकाला।
पानी कम होते ही 3-4 युवक तालाब में उतरे और बच्चे को बाहर निकाला। तब तक बच्चा दम तोड़ चुका था। बच्चे की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक बच्चे के परिजनों ने गांव की पंचायत से मांग की है कि तालाब में चारदीवारी होनी चाहिए ताकि किसी और बच्चे की मौत न हो सके।
एसडीएम पूनम सिंह ने बच्चे की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मामले में उन्होंने बीडीपीओं को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण ही ऐसे हादसे घटित हो जाते है।
‘पंचायत जल्द करवाएगी तालाब की चारदीवारी’
सरपंच सुमित्रा देवी के पति कृष्ण ने बताया बच्चे की मौत का उन्हें काफी दुख है। उन्होंने कहा कि पंचायत बनने के अभी कुछ ही समय हुए हैं। आचार संहिता लगने के कारण गांव का विकास कार्य अभी शुरू नहीं करा सके हैं। उन्होंने कहा कि चारदीवारी से पहले ही तालाब के चारों ओर पोल लगाकर तारबंदी करवा दी जाएगी।
