मासूम बालक को पुलिस ने चाइल्ड लाइन को सौंपा जिला महिला अस्पताल में मिला था तीन वर्षीय लावारिस बालक

बाराबंकी। कोतवाली नगर अन्तर्गत सोमवार की दोपहर जिला महिला अस्पताल परिसर में एक 3 वर्षीय मासूम बालक लावारिस हालत में रोता हुआ पाया गया है। अस्पताल कर्मचारियों ने इसकी सूचना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक कोतवाली नगर को दी और पुलिस भी परिजनों की खोज किया लेकिन परिजन नही मिले। प्रभारी निरीक्षक ने बालक को चाइल्ड लाइन 1098 के संरक्षण में सुपुर्द कर दिया। चाइल्ड लाइन ने बालक को बाल कल्याण समिति न्यायपीठ के समक्ष पेश किया जहाँ से न्यायपीठ की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी श्रीवास्तव, सदस्य रत्नेश कुमार व सुरेश चंद्र गुप्ता, डॉ शशि जायसवाल ने बालक को राजकीय बालगृह शिशु प्राग नरायन रोड लखनऊ में दाखिल कराने का आदेश दिया। चाइल्ड लाइन बालक का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद बालगृह में दाखिल करा दिया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार की दोपहर को महिला जिला अस्पताल परिसर में एक 3 वर्षीय मासूम बालक को रोते हुए वहां पर मरीजों के परिजनों ने देखा तो उन्होने इसकी सूचना अस्पताल कर्मचारियों को दी। कर्मचारियों ने पहले बालक के परिजनों की तलाश शुरु की लेकिन जब उनको सफलता नही मिली तो उन्होने कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाली नगर पुलिसकर्मियों ने बालक को अपने संरक्षण में लेकर इसकी सूचना चाइल्ड लाइन 1098 बाराबंकी को दी। सूचना मिलते ही चाइल्ड लाइन टीम के सदस्य अनिल यादव व विपिन कुमार कोतवाली पहुंच बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया। संस्था के कर्मियों ने उक्त बालक को राजकीय बालक शिशु लखनऊ के संरक्षण में सौंप दिया है।
