मिर्ची पाउडर फेंककर व्यवसायी से लूटे 14 लाख रुपए, विरोध करने पर की फायरिंग

बिहार के खगड़िया में अपपराधियों ने लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया है. मामला जिले के मानसी थाना क्षेत्र से जुड़ा है जहां थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर अपराधियों ने पेट्रोल पम्प के मालिक की आंख पर मिर्ची फेंककर 14 लाख रूपये लूट लिए और फरार हो गये.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. बताया जा रहा है कि मानसी के कात्यानी पेट्रोल पंप के मालिक सलिल कुमार अपने मैनेजर के साथ पेट्रोल पंप का जमा रुपये एक बैग में लेकर अपने घर चुकती जा रहे थे इसी दौरान चार से पांच की संख्या में पहले से ही घात लगाये आये बाइक सवार अपराधियों ने सलिल पर मिर्ची पाउडर फेंका.
पाउडर पड़ते सलील गाड़ी के साथ गिर गये. इसके बाद अपराधी फायरिंग कर रूपये से भरा बैग लेकर फरार हो गये. घटना की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस के आलाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांट में जुटे. पुलिस फिलहाल अपराधियों की खोजबीन में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनको जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
