मुंबई : कर्जमाफी में गड़बड़ी की शिकायत करने विधान परिषद पहुंचे किसान को पुलिस ने लिया हिरासत में

मुंबई: मुंबई में विधानपरिषद में नेता विपक्ष धनंजय मुंडे से मिलने आये वाशिम के एक किसान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. किसान को 3 घंटे बाद तब छोड़ा गया जब विधान परिषद में धनंजय मुंडे ने इस मुद्दे को उठाया. मामला इतना गर्मा गया कि विधान परिषद एक घंटे तक स्थगित करनी पड़ी और सभापति को तुरंत उसे छोड़ने का आदेश देना पड़ा. दरअसल, वशिम से आये किसान अशोक मनवर का गुनाह सिर्फ इतना था कि वे किसानों की कर्जमाफी के दावे की पोल खोलने आये थे. अशोक का दावा है कि उन्हें सरकार की तरफ से 1 लाख 40 हजार की कर्जमाफी का प्रमाणपत्र दिया गया, लेकिन जब बैंक गये तो बैंक ने सिर्फ 77 हजार के करीब कर्जमाफी की बात बताई. अशोक के मुताबिक उन्होंने कलेक्टर को शिकायत की लेकिन कुछ नही हुआ. तब वो मुम्बई में विधान परिषद में विरोधी दल नेता धनंजय मुंडे से मिलने आये थे. धनंजय मुंडे से मुलाकात के बाद जैसे ही वे मीडिया वालों से बात करने लगे, पुलिस ने उन्हें उठाकर गाड़ी में बैठा लिया और मरीन ड्राइव पुलिस थाने लेकर चली गई. अशोक इतना डर गए कि वो छूटने के बाद से धनंजय मुंडे के बंगले में ही बैठे हैं. उन्हें डर है कि बाहर निकलेंगे तो पुलिस फिर से पकड़ सकती है.
