मेक्सिको में मिली प्राचीन सभ्यता से वैज्ञानिक हैरान

मेक्सिको सिटी । मेक्सिको में मिली प्राचीन सभ्यता से वैज्ञानिक हैरान है। यह तेयॉतिवाकन सभ्यता मेक्सिको सिटी के उत्तरपूर्व में 40 किलोमीटर दूर थी लेकिन इसका ज्यादातर इलाका छिपता चला गया। मेक्सिको सिटी के पास सदियों पहले एक प्राचीन सभ्यता हुआ करती थी। इस सभ्यता के करीब 1500 साल बाद यहां बनीं सड़कों और ढांचों में तेयॉतिवाकन के निशान दिखते हैं।
रिसर्चर्स ने पाया कि प्राचीन समाज में इंजिनियरिंग का बेमिसाल काम किया गया था। ये लोग खगोलीय ज्ञान के आधार पर नदियों के रास्ते बनाते थे। शहर बनाने के लिए मिट्टी से लेकर चट्टानों तक को ट्रांसपोर्ट करते थे। यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया की पुरातत्वविद नावा सूगियामा ने बताया, 'हम इतिहास में नहीं लेकिन उसके ऐक्शन्स के निशानों में रहते हैं। तेयॉतिवाकन जैसे शहर में उन ऐक्शन्स का जमीन पर नतीजा आज भी दिखता है। लीदार मैप ने इन प्राचीन फीचर्स क तसवीर दिखाई है जो तेजी से खत्म हो रहे हैं और गायब होने का खतरा झेल रहे हैं। इस तरीके से हम उन्हें संरक्षित कर सकते हैं।' रिपोर्ट के मुताबिक 100 बीसीई से 550 सीई के बीच तेयॉतिवाकन प्राचीन दुनिया के सबसे बड़े शहरों में से एक था। यह 21 स्क्वेयर किलोमीटर के इलाके में फैला था और इसमें कई पिरामिड, प्लाजा, कमर्शल और रिहायशी इमारतें थी। कुछ ढांचे आज भी देखे जा सकते हैं। हालांकि, ज्यादातर गायब हो चुके हैं।
लीदार टेक्नॉलजी की मदद से गायब हो चुके ढांचों के निशान भी देखे जा सकते हैं। इसकी मदद से अंडरग्राउंड ढांचों को लेजर लाइट रिफलेक्ट करके देखा जा सकता है। रिसर्चर्स ने इसके लिए लीदार, जमीनी सर्वे और पहले कलेक्ट किए गए डेटा की मदद से आज के तेयॉतिवाकन घाटी और प्राचीन सभ्यता की तुलना की। उन्होंने पाया कि 65 फीसदी के शहरी इलाके उसी तरह के ऐंगल पर बने थे जैसे प्राचीन सभ्यता में। प्राचीन दीवारों के निशानों पर आज के ढांचे खड़े किए जा रहे हैं। तेयॉतिवाकन सभ्यता में नदियों की दिशा भी मोड़ी जाती थी और नहरें बनाई जाती थीं। रिसर्च में पाया गया कि आज के पानी के रास्तों में से 16.9 किलोमीटर हिस्से की उत्पत्ति प्राचीन तेयॉतिवाकन लैंडस्केप में दिखती है।
पेपर में कहा गया है कि तेयॉतिवाकन घाटी की पर्यावरण, सांस्कृतिक और अकादमिक बनावट से इंसानों की जमीन को बदलने की क्षमता को समझा जा सकता है। रिसर्च में आकलन किया गया है कि करीब 3,72,056 स्क्वेयर मीटर आर्टिफिशल ग्राउंड 300 साल में बिछाया गया। ऐसे 298 फीचर्स और इंसानों के बनाए 5,795 ढांचे खोजे गए जो पहले रेकॉर्ड्स में नहीं थे। यह भी पता चला कि 200 से ज्यादा फीचर्स खनन में तबाह हो गए।
