मेट्रो ट्रेन के लिए स्वाइल टेस्टिंग का काम पूरा 

भोपाल । राजधानी में चलने वाली मेट्रो ट्रेन के लिए स्वाइल टेस्टिंग का काम तकरीबन पूरा हो गया है। ठेकेदार द्वारा सिविल वर्क के पहले लाइन टू पर 50 से अधिक स्थानों पर मिट्टी परीक्षण किया। वहीं, 20 से अधिक स्थानों पर परीक्षण का काम जारी है। अगले महीने मेट्रो सिविल वर्क के लिए पहली नींव रखी जाएगी। राजधानी में लाइन टू के तहत करोंद से एम्स तक 14.99 किलोमीटर मेट्रो रूट के एम्स से सुभाष नगर वाले 6.225 किलोमीटर हिस्से में लगभग 277 करोड़ की लागत से एलिवेटेड मेट्रो रूट (फ्लाईओवर की तर्ज पर) का निर्माण कार्य अगले महीने से शुरू होगा। इसकी डिजाइन तैयार की जा रही है। मिट्टी परीक्षण के दौरान सिविल वर्क बेस को लेकर अलग-अलग जगह को चिन्हित किया है। नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चट्टान वाले क्षेत्र में पांच से आठ मीटर व सामान्य मिट्टी वाले क्षेत्र में कम से कम 20 मीटर गहरे पिलर बनाए जाएंगे। 
    टेंडर में सिविल वर्क की डेडलाइन भी जनवरी 2021 निर्धारित की गई है। सॉइल टेस्टिंग में कई स्थानों पर निर्माण में आने वाली दिक्कतों का खाका तैयार किया गया है। दरअसल, शहर के क्षेत्र में चट्टानों की दिक्तत है तो कहीं भूमिगत बेस कमजोर पाया गया। इसमें ऐशबाग, सुभाष नगर अंडर पास और भारत टॉकीज क्षेत्र में भूमिगत बड़े चट्टानों की दिक्कत सामने आई है। वहीं, अलकापुरी से एम्स तक भूमिगत बेस कमजोर पाया गया है। लिहाजा यहां हर 35 मीटर की दूरी पर टेस्टिंग का काम किया जा रहा है। शहर में करोंद से एम्स के साथ भदभदा से रत्नागिरी बिना अनुमति के कोई कार्य नहीं किया जाएगा। इस संबंध में कॉर्पोरेशन ने सभी निर्माण एजेसियों को पत्र भी लिखा है। कॉर्पोरेशन की स्वीकृति के बाद ही निर्माण कार्य हो सकेंगे।नगर निगम व पीडब्ल्यूडी जैसी अन्य एजेसियों को कहां, कितना, कैसे, निर्माण कार्य होगा व डिजाइन की जानकारी देनी होगी।

Leave a Reply