मोदी कैबिनेट: 75 नए मेडिकल कॉलेज खोलेगी केंद्र सरकार , चीनी निर्यात पर किसानों को सब्सिडी

नई दिल्ली । केंद्र सरकार ने किसानों और मेडिकल छात्रों को बड़ी सौगात दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। इसमें देश के किसानों को चीनी निर्यात पर सब्सिडी देने का फैसला लिया गया है। सब्सिडी का पैसा सीधे किसानों के खातों में आएगा। इस दौरान देश में 75 मेडिकल कॉलेज खोलने को भी मंजूरी दी गई। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कैबिनेट की विस्तार से जानकारी दी। 
मंत्री द्वय ने बताया कि गन्ना किसानों को 60 लाख मीट्रिक टन चीनी निर्यात पर सब्सिडी दिए जाने को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही सब्सिडी का पैसा सीधा किसानों के खाते में आएगा। सरकार के फैसले के अनुसार, निर्यात पर केंद्र सरकार ने 6 हजार 268 करोड़ रुपए की सब्सिडी को मंजूरी दी है। उल्लेखनीय है कि गन्ना किसान कई बार अपनी समस्याएं सरकार के सामने उठाते रहे हैं। ऐसे में सरकार ने यह फैसला लेते हुए उनको बड़ी सौगात दी है। 
केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर ने बताया कि देश में 75 नए मेडिकल कॉलेज खोलने का फैसला किया गया है। इससे मेडिकल क्षेत्र का विकास होगा। इस पर 24 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। 15 हजार से ज्यादा नए डॉक्टरों की भर्ती होगी। ग्रामीण इलाकों की डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी। उल्लेखनीय है कि देशभर के राज्यों में डॉक्टरों की मांग समय-समय पर उठती रही है। इसके अलावा केंद्र सरकार ज्यादा से ज्यादा एफडीआई लाने के प्रयास कर रही है। 
कैबिनेट के अन्य फैसले
– छोटे-बड़े हर तरह के कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग पर 100 फीसदी एफडीआई को मंजूरी। 
– डिजिटल मीडिया में भी 26 फीसदी एफडीआई को मंजूरी। 
– कोल माइनिंग के क्षेत्र में 100 फीसदी एफडीआई पर फैसला। 
– आपदाओं से निपटने बनेगा इंटरनेशनल संगठन। पीएम करेंगे संयुक्त राष्ट्र में शुरुआत। 

Leave a Reply