मोदी-शाह अहमदाबाद नगर निगम की भांति देश चला सकते हैं, तो दीदी क्यों नहीं बन सकतीं पीएम? 

कोलकाता । तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि जब नरेंद्र मोदी और अमित शाह गुजरात से आकर दिल्ली को अहमदाबाद नगर निगम की तरह चला सकते हैं, तब बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी देश की प्रधानमंत्री क्यों नहीं बन सकती हैं?
क्या सीएम ममता बैनर्जी केंद्रीय राजनीति में कदम रखने जा रही हैं, सवाल पर इन्वेस्टमेंट बैंकर रहीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि अब स्थिति बदल गई है, अब पहले जैसा नहीं रह गया है कि केवल कांग्रेस है या भाजपा है। देश में सारी क्षेत्रीय पार्टियां दिल्ली जा रहीं हैं। अब जिस सूबे में जो मजबूत है, वे मिलकर केंद्र में तीसरे विकल्प के रूप में सामने आ सकते हैं। बंगाल में टीएमसी, तमिलनाडु में डीएमके, महाराष्ट्र में एनसीपी और राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में कांग्रेस, जहां जो मजबूत है, वे मिलकर दिल्ली की सत्ता के लिए दावा पेश कर सकते हैं।  
चुनाव में राष्ट्रीय स्तर पर पर ममता बैनर्जी पीएम नरेंद्र मोदी के सामने विपक्ष की ओर से तीसरे मोर्चे के प्रतिनिधि के रूप में खड़ी होंगी, तो उनका दावा कितना मजबूत साबित होगा, क्या दीदी हर सूबे में जा कर प्रचार करेंगी? महुआ ने कहा हर प्रदेश में जाकर प्रचार का तो पता नहीं, पर कुछ कुछ सूबे चुने गए हैं, जिनमे ढाई साल में हम अपनी मौजूदगी को बढ़ाएंगे। इसके अलावा, विभिन्न क्षेत्रीय दल मिलकर तीसरे मोर्चे के रूप में पीएम मोदी के अभियान को 2024 में रोक सकते हैं। 

Leave a Reply