मोरवा हडफ उपचुनाव : निमिषा सुथार और गिरीश कटारा के बीच होगा मुकाबला
अहमदाबाद | पंचमहल जिले की मोरवाहडफ विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को होनेवाले उप चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है| भाजपा ने पुराने चेहरे को मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने नए चेहरे पर दांव लगाया है| मोरवाहडफ के उपचुनाव में भाजपा ने पूर्व विधायक निमिषा सुधार को टिकट दिया है| वर्ष 2013 में हुए मोरवाहडफ के उपचुनाव में निमिषा सुथार ने कांग्रेस प्रत्याशी भूपेन्द्र खांट को 15716 वोटों के अंतर से हराया था| इलेक्ट्रिकल इंजीनियर की शिक्षा प्राप्त निमिषा सुथार फिलहाल पंचमहल जिला भाजपा उपप्रमुख हैं| निमिषा सुथार के ससुर एके सुथार तीन बार जिला पंचायत के सदस्य रह चुके हैं| निमिषा सुथार के विधायक काल के दौरान उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों और मतदाताओं में उनके प्रभुत्व को देखते हुए भाजपा ने फिर एक बार उन्हें मोरवाहडफ से उम्मीदवार बनाया है| वहीं कांग्रेस ने मोरवाहडफ के उप चुनाव में नए चेहरे सुरेश कटारा को टिकट दिया है| पिछले 25 वर्षों से कांग्रेस के सक्रिय सदस्य सुरेश कटारा मोरवाहडफ तहसील के सागवाडा गांव के सरपंच रह चुके हैं| सुरेश कटारा ने 12वीं कक्षा तक पढ़ा की है और फिलहाल वह जिला कांग्रेस के उप प्रमुख हैं| सुरेश कटारा जिला पंचायत और तहसील पंचायत के सदस्य रह चुके हैं| उनके पिता छगनभाई कटारा भी तीन बार तहसील पंचायत के सदस्य रह चुके हैं| सुरेश कटारा के स्थानीय के साथ ही आदिवासी होने की वजह से कांग्रेस ने मोरवाहडफ के उपचुनाव में उन पर दांव लगाया है| गौरतलब है कि अजजा के लिए सुरक्षित मोरवाहडफ सीट पर वर्ष 2017 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी भूपेन्द्र खांट की जीत हुई थी| भाजपा के हारे प्रत्याशी विक्रम डिंडोर ने भूपेन्द्र खांट का जाति प्रमाण पत्र फर्जी बताते हुए गुजरात आदि जाति आयुक्त से शिकायत की थी| आयुक्त ने भूपेन्द्र खांट के जाति प्रमाण पत्र के प्रमाण पत्र फर्जी करार दिया| अजजा आयुक्त के फैसले को भूपेन्द्र खांट ने गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी थी| हाईकोर्ट ने भी अजजा आयुक्त के फैसले को बरकरार रखते हुए राज्य चुनाव आयोग को भूपेन्द्र खांट के विधायक पद को लेकर निर्णय करने के आदेश दिया था| दूसरी ओर राज्यपाल की मंजूरी के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने भूपेन्द्र खांट को विधायक पद से निलंबित कर दिया| मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही थी कि कुछ दिन पहले भूपेन्द्र खांट बीमारी की वजह से मौत हो गई| इस वजह से मोरवाहडफ विधानसभा सीट से उपचुनाव कराए जा रहे हैं|