मौसमः दिल्ली-एनसीआर में आज आ सकती है आंधी, 7 राज्यों में भारी बारिश की भी संभावना

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यो में आज (रविवार को) धूलभरी आंधी आने और बारिश होने का पूर्वानुमान किया है। विभाग की ओर से एनसीआर के साथ ही उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में आज बारिश और कई जगहों पर बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
अधिकारी ने बताया कि आज का पूर्वानुमान है कि दिन में आसमान साफ रहेगा लेकिन शाम में गरज चमक के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव और गाजियाबाद में शुक्रवार रात धूल भरी आंधी आई थी जिससे अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से घटकर 35 डिग्री सेल्सियस हो गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था जो इस मौसम के औसत से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था।
15 राज्यों में आंधी और बारिश का अनुमान
मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है। विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में गिरा पारा
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में धूल भरी आंधी आने के एक दिन बाद शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री नीचे है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस था जो कि मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। आद्रता 38 से 60 प्रतिशत के बीच रही।
दिल्ली एनसीआर समेत पश्चिमोत्तर में गर्मी की वजह से नहीं हो रही बारिश
इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तर पूर्वी राज्यों और महाराष्ट्र में आज को भारी बारिश और राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की आशंका जतायी है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर और मध्य भारत में आज को मौसम के गर्म रहने और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में शुष्क रहने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और महाराष्ट्र में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जतायी है।
उसने कहा है, 'राजस्थान में कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।' विभाग की ओर से कहा गया है, 'उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा में गरज के साथ छींटे पड़ने और धूल भरी हवा चलने एवं बिजली चमकने के आसार हैं।
बता दें कि इससे पहले, शुक्रवार शाम को आये आंधी- तूफान ने उत्तर प्रदेश में 15 लोगों की जान ले ली। इसका सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अमरोहा और संभल जिलों पर पड़ा। उल्लेखनीय है कि मई की शुरुआत से अब तक उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तूफान की चपेट में आकर अब तक करीब 150 लोगों की मौत हो चुकी है।
