यवतमाल में सीजेरियन ऑपरेशन के बाद संक्रमण का शिकार हुईं 14 गर्भवती महिलाएं

यवतमाल. यहां वसंतराव नाइक सरकारी अस्पताल में पिछले एक महीने के दौरान हुए सीजेरियन ऑपरेशन में 14 महिलाएं संक्रमण का शिकार हुईं। इनमें से कई महिलाओं के परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया गया।
हॉस्पिटल के प्रसूति विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन सभी महिलाओं को ऑपरेशन के बाद दर्द की शिकायत हुई है। जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल की ओर से दवाईयां भी दी गई थी, लेकिन उनकी तबियत और बिगड़ गई। इस मामले में हॉस्पिटल प्रशासन ने जांच का आदेश दे दिया है।
हॉस्पिटल की सफाई
मामला बढ़ने के बाद हॉस्पिटल में मीडिया की एंट्री भी बैन कर दी गई है। पूरे मामले पर बोलते हुए अस्पताल के प्रभारी डॉ. संजय भारती ने कहा कि हमें संक्रमण के बारे में मौखिक शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों की जांच 5 सदस्यीय नियंत्रण समिति करेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसी घटना दोबारा न हो ऐसी सावधानी बरती जाएगी।
