यह रिकार्ड बनाने वाले बुमराह पहले एशियाई गेंदबाज 

एंटीगा । टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले ही टेस्ट में पांच विकेट लेकर एक अहम उपलब्धि हासिल की है। बुमराह ने 8 ओवरों में केवल 7 रन देकर वेस्ट इंडीज के पांच बल्लेबाजों को पेवेलियन भेजा। इसी के साथ ही बुमराह दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज में एक पारी में पांच विकेट लेने वाले पहले एशियाई गेंदबाज बन गये हैं। बुमराह ने 2018 जनवरी में ही टेस्ट क्रिकेट खेलना शुरू किया था। वह सबसे कम 11 टेस्ट में 50 विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज हैं। 
बुमराह ने इस उपलब्धि पर कहा, ‘मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। गेंदबाजी इकाई के रूप में हम आक्रामक विकल्पों के साथ आए हैं। मैं अपनी गेंदबाजी में काफी मेहनत कर रहा हूं।' उन्होंने कहा, ‘मैं हमेशा खुद को निखारने की कोशिश करता हूं।' वहीं काम के बोझ के प्रबंधन कार्यक्रम के तहत बुमराह को कैरेबियाई दौरे के सीमित ओवरों के चरण से आराम दिया गया था लेकिन बुमराह ने स्वीकार किया कि वह पहले मैच की पहली पारी में लय में नहीं थे। उन्होंने कहा, ‘ब्रेक के बाद वापसी करते हुए पहली पारी में मैं लय में नहीं था लेकिन दूसरी पारी में सब ठीक हो गया।' 

Leave a Reply