यूएन को लिखे पाक के पत्र में राहुल गांधी ही नहीं, हरियाणा के सीएम खट्टर व भाजपा एमएलए का भी का उल्लेख

चंडीगढ़ । केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35 ए को समाप्त करने के विरुद्ध पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में दाखिल अपनी अर्जी में राहुल गांधी का ही उल्लेख नहीं बल्कि भाजपा शासित प्रदेश हरियाणा के सीएम मनोहरलाल खट्टर और भाजपा के एक विधायक का भी उल्लेख किया है। बुधवार को कांग्रेस और भाजपा ने एक दूसरे पर निशाना साधा। पाकिस्तान के मानवाधिकार मंत्री शिरीन मजारी ने टि्वटर पर आठ पेज का पत्र शेयर किया गया है, जिसमें राहुल गांधी के हवाले से लिखा गया है कि जम्मू-कश्मीर में 'लोग मर रहे हैं।' यूएन को संबोधित पत्र में लिखा गया है, 'हिंसा की घटनाओं को कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी जैसे मुख्यधाराओं के राजनेताओं ने कबूल किया है। इस फैसले की वजह से वहां बहुत गलत हो रहा है।' लेकिन केवल राहुल गांधी अकेले भारतीय नेता नहीं है, जिनका जिक्र यूएन को संबोधित करते हुए लिखे खत में किया गया है। इस पत्र में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और भाजपा विधायक विक्रम सैनी का भी जिक्र किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि 10 अगस्त 2019 को मनोहर लाल खट्टर ने कश्मीरी लड़कियों से शादी करने को लेकर एक बयान जारी किया था। मुख्यमंत्री खट्टर ने फतेहाबाद में महर्षि भागीरथ जयंती समारोह के एक राज्य-स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कथित रूप से कहा था, 'पहले ओपी धनकड़ कहते थे कि हम बिहार की लड़कियों को हरियाणा में शादी के लिए लाएंगे। अब कुछ लोग कह रहे हैं कि हम कश्मीर से लड़कियां लाएंगे। लेकिन मजाक एक तरफ। हमारे समाज में लिंगानुपात सही होने के बाद ही हम संतुलन बना सकते हैं।' भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने भी इसी तरह की टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि देश में मुसलमानों को अनुच्छेद 370 के खत्म होने से खुश होना चाहिए क्योंकि वे अब बिना किसी डर के "गोरी" कश्मीरी लड़कियों से शादी कर सकते हैं। इस बयान को लेकर पाकिस्तान के पत्र में विक्रम सैनी का जिक्र किया गया है। 
सूचना एवं प्रसारण मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने संवाददाताओं से कहा, ‘कांग्रेस ने अपनी हरकतों से देश को शर्मसार किया है। जिस प्रकार राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के बारे में टिप्पणियां कीं, वो निंदनीय है।' उन्होंने कहा कि वहां से हिंसा की रिपोर्ट आ रही हैं। हम पूछना चाहते हैं कि राहुल गांधी कहां से ये जानकारियां ला रहे हैं? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने गलत बयान दिया है, जम्मू कश्मीर में ऐसा कुछ नहीं हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के बयान को सबूत बनाते हुए पाकिस्तान ने यूएन में एक याचिका लगाई है। ये दिवालियापन तो है ही साथ ही कांग्रेस की वोटबैंक की राजनीति भी है। भाजपा नेता ने कहा कि इस बयान से जब देशभर के लोगों का गुस्सा सामने आया तो राहुल गांधी को आज बयान से यू-टर्न लेना पड़ा।

Leave a Reply