यूपी में बड़ा हादसा टला, कानपुर में ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतरे, रेल सेवा बाधित

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में बुधवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। इस दौरान ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल की बाउंड्री को भी तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि कानपुर-लखनऊ मेमू लखनऊ से कानपुर आ रही थी। इसी दौरान स्टेशन छोड़ते समय यह हादसा हो गया। रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
ट्रेन को दोबारा पटरी पर लाने के प्रयास जारी हैं। पटरी चेंज करते समय यह हादसा हुआ है। दुर्घटना में कई पिलर भी टूट कर गिर गए हैं। ओएचई तार और पोल टूट गया है। सारी तारों का करंट बंद है।
हादसे से स्टेशन पर हड़कंप मच गया। ट्रेन की रफ्तार धीमी होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन में लखनऊ से कानपुर आने वाले यात्री सवार थे।
