योगी सरकार ने 4 साल में बदली गन्ना किसानों की किस्मत

नोएडा। पश्चिम उत्तर प्रदेश में भाजपा के प्रमुख मोहित बेनीवाल ने दावा किया कि राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गत चार सालों में गन्ना किसानों को 1.25 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया है। उन्होंने यह दावा राज्य में भाजपा सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया। बेनीवाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों में अपने विकास कार्यों की वजह से उत्तर प्रदेश देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हो गया है। बेनीवाल ने दावा किया कि भुगतान करने के साथ-साथ 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया है। यही नहीं, मुण्डेरवा, पिपराइच और रमाला चीनी मिलों का विस्तार व पेराई क्षमता में वृद्धि के साथ 11 चीनी मिलों की क्षमता में विस्तार किया गया। कोरोना काल में प्रदेश की सभी 119 चीनी मिलों का संचालन कर दुनिया के सामने एक नजीर पेश की गई।
इससे पहले सीएम योगी ने कहा था कि पहली कैबिनेट बैठक में 86 लाख लघु और सीमान्त किसानों के 36,000 करोड़ रुपये का फसली ऋण माफ करने वाली सरकार ने चार साल में किसानों से एमएसपी पर 378 लाख मी. टन खाद्यान्न खरीद कर 66,000 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया। राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ और मजबूत करने के लिए किसानों के हित में किसान कल्याण मिशन संचालित कर रही है। एमएसपी में लगभग दोगुने की वृद्धि की गई। 46 वर्षों से लंबित बाण सागर परियोजना सहित कुल 11 सिंचाई परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। इन योजनाओं के जरिये 2.21 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचाई क्षमता की वृद्धि हुई है। जिसका सीधा लाभ 2.33 लाख किसानों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में कुल 09 परियोजनाओं को पूर्ण करने का लक्ष्य है। इससे 16.41 लाख हेक्टेयर की अतिरिक्त सिंचन क्षमता सृजित होगी, जिसका लाभ 40.48 लाख किसानों को होगा।
