रसेल विश्व कप में धमाकेदार प्रदर्शन को बेताब

कोलकाता । आईपीएल में केकेआर की ओर से शानदार प्रदर्शन से उत्साहित वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज आंद्रे रसेल ने विरोधी गेंदबाजों को आगाह करते हुए कहा कि वह विश्व कप में जमकर छक्के लगाने तैयार हैं। विश्वकप में वेस्टइंडीज का पहला मुकाबला 31 मई को नॉटिंघम में पाकिस्तान से होगा। रसेल को वेस्टइंडीज की 15 सदस्यीय शुरुआती टीम में शामिल किया गया है और वह आईपीएल की इस फॉर्म को आगे भी विश्व कप में जारी रखना चाहते हैं। रसेल ने आईपीएल के 12वें सत्र में अब तक 10 पारियों में 42 छक्के लगाये हैं उन्होंने केकेआर की ओर से खेलते हुए 10 पारियों में 209.27 के औसत से सबसे ज्यादा 406 रन बनाए हैं। केकेआर के इस खिलाड़ी का औसत 52 एकदिवसीय में 28 का है और उन्होंने 65 विकेट लिए हैं। रसेल ने कहा, ‘मैं वेस्टइंडीज की ओर से छक्के लगाने के लिए इतना बेताब हूं। मैं आईपीएल की तरह ही विश्वकप में खेलना चाहता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे विश्व कप टीम का हिस्सा बनाए जाने से हैरानी नहीं हुई। मेरा ध्यान अभी आईपीएल पर ही लगा हुआ है।
