राजस्थान उपचुनाव: 2 घंटे बढ़ा मतदान का समय, तीन दिन नहीं हो सकेंगे नामांकन पत्र दाखिल

जयपुर. राजस्थान की 3 विधानसभा उपचुनाव (Rajasthan Assembly By Election 2021) क्षेत्रों में मतदान के लिए 2 घंटे का समय बढ़ाया गया है. राजसमंद, चूरू और भीलवाड़ा जिलों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हो सकेगा. मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि विधानसभा उप चुनाव के संबंध में 27 और 29 मार्च को सार्वजनिक अवकाश और 28 को रविवार होने के कारण केवल 5 दिन ही नाम निर्देशन पत्र (नोमिनेशन) स्वीकार किए जाएंगे. तीनों जिला निर्वाचन अधिकारियों को पत्र लिखकर सूचित किया है कि 23 मार्च को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नोमिनेशन स्वीकार किए जाने लगेंगे.उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार 27 मार्च को चतुर्थ शनिवार और 29 मार्च को धुलण्डी होने से सार्वजनिक अवकाश घोषित है. इस वजह से इन दिनों में रिटर्निंग अधिकारी नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त नहीं करेंगे.
समय में दो घंटे की बढ़ोतरी
भारत निर्वाचन आयोग ने कोरोना महामारी के मद्देनजर यह निर्णय लिया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने यह जानकारी दी है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने कोरोना महामारी के मद्देनजर प्रदेश के तीन जिलों (चुरू, राजसमंद और भीलवाड़ा) में होने वाले उपचुनाव के समय में दो घंटे की बढ़ोतरी की है. उन्होंने बताया कि तीनों जिलों में आगामी 17 अप्रेल को मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे, जबकि 2 मई को सुबह 8 बजे से जिला मुख्यालयों पर मतगणना की जा सकेगी.
ऑनलाइन दाखिल कर सकते हैं नामांकन पत्र
मुख़्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग और विभाग की मंशा है कि कोरोना के दौरान होने वाले चुनाव में संक्रमण का प्रसार न हो और पूरी सजगता और सतर्कता बरती जाए, इसीलिए मतदान के समय में बढ़ोतरी की गई है. उन्होंने बताया कि समय की बढ़ोतरी से मतदान केंद्रों पर भीड़ नहीं जुटेगी और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कोरोना को देखते हुए नामांकन प्रक्रिया में भी पहली बार वैकल्पिक तौर पर ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
