राज्य के 8 महानगरों में ट्यूशन क्लासिस 10 अप्रैल तक बंद रहेंगे

अहमदाबाद | राज्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए गुजरात सरकार ने विद्यार्थियों के व्यापक हित में और एक अहम निर्णय किया है। जिसके अंतर्गत राज्य के 8 महानगर पालिका क्षेत्रों में स्थित स्कूलों के बाद अब ट्यूशन क्लासिस तत्काल प्रभाव से बंद किए जाएंगे। सरकार के निर्णय की जानकारी देते हुए शिक्षा मंत्री भूपेन्द्रसिंह चूड़ास्मा ने बताया कि आगामी 10 अप्रैल तक अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट, सूरत. भावनगर, जामनगर, जूनागढ़ और गांधीनगर सहित राज्य के आठ महानगरों में यह व्यवस्था लागू रहेगी। उल्लेखनीय है कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और भविष्य की चिंता करते हुए मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गुरुवार को एहतियाती उपाय के रूप मे आठ महानगर पालिका क्षेत्रों में प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में 10 अप्रैल, 2021 तक प्रत्यक्ष शैक्षणिक कार्य बंद करने का निर्णय किया था। शिक्षा मंत्री भूपेन्द्र सिंह चूड़ास्मा ने कहा कि उसके बाद अतिरिक्त सतर्कता के रूप में मुख्यमंत्री ने इन आठ महानगरों में ट्यूशन क्लासेज भी तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय किया है।
