राज्य विधानसभा का अंतिम सत्र आज से शुरू, कुल 28 विधेयकों पर होनी है चर्चा

मुंबई. महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र कुछ ही देर में शुरू हो रहा है। यह 17 जून से दो जुलाई तक चलेगा। तीन सप्ताह तक चलने वाले इस सत्र में केवल 12 दिन तक ही सदन की कार्यवाही चलेगी। इन 12 दिनों में विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी की है। वहीं सरकार ने सत्र से एक दिन पहले रविवार को 13 नए मंत्रियों को अपनी कैबिनेट में शामिल किया है। मौजूदा सरकार के कार्यकाल का यह अंतिम सत्र है। इस बार कुल 28 विधेयकों पर चर्चा की जाएगी।

किसानों और आम लोगों को मिल सकती है सौगात

मानसून सत्र के दूसरे दिन 18 जून को ही दोनों सदनों में वर्ष 2019-20 का बजट रखा जाएगा। विधानसभा चुनावों को देखते हुए फडणवीस सरकार किसानों और आम लोगों के लिए कुछ लुभाने वाली घोषणाएं कर सकती है। पिछले बजट सत्र में लोकसभा चुनाव को देखते हुए सरकार ने अंतरिम बजट ही पेश किया था।

इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष 
विपक्ष मानसूत्र सत्र शुरू होते ही राज्य की कानून-व्यवस्था, दसवीं की परीक्षा फल का प्रतिशत घटने, सूखे की मार झेल रहे किसानों की समस्या, मंत्रियों पर लगे अनगिनत भ्रष्टाचार के आरोपों, मुख्यमंत्री की ओर से किए गए मेगा भर्ती के वादे और अरब सागर में बनाए जाने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज और दादर में डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर स्मारक के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।

साथ ही महाराष्ट्र की आर्थिक बिगड़ती हालत और बेरोजगारी की दर को लेकर भी सरकार को घेरने का प्रयास करेगी।

विपक्ष के निशाने पर रहेंगे ये नेता

इसके अलावा विपक्ष जयकुमार रावल, सुभाष देखमुख, पंकजा मुंडे, विनोद तावडे, प्रकाश मेहता समेत कई अन्य मंत्रियों का इस्तीफा भी मांगने पर अड़ सकता है।

Leave a Reply