राज्स्थान ने पदक विजेताओं के लिए की अहम घोषणा
राजस्थान ने खेलों ओर खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए अब इनामी राशि बढ़ा दी है। अब ओलंपिक पदक विजेताओं को प्रदान की जाने वाली राशि चार गुणा और एशियन गेम्स पदक विजेताओं की राशि को तीन गुणा बढ़ा दी गयी है। अब ओलंपिक स्वर्ण विजेताओं को तीन करोड़, रजत पदक विजेताओं को दो करोड़ और कांस्य पदक विजेताओ को एक करोड़ रुपए मिलेंगे। वहीं एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर एक करोड़, रजत पदक पर 60 लाख और कांस्य पदक विजेता को 30 लाख रुपए की राशि मिलेगी।
ओलंपिक खेलों में अब तक राज्य के खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल पर 75 लाख रुपए मिलते थे। अब इस राशि को चार गुणा बढ़ाकर 3 करोड़ रुपए कर दिया गया है। वहीं रजत पदक विजेता की राशि को 50 लाख रुपए से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपए कर दिया गया है। इनके साथ ही कांस्य पदक विजेता के लिए यह राशि 30 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपए कर दी गई है।
वहीं इसी तरह से एशियाई और राष्ट्रमण्डल खेलों के पदक विजेताओं की राशि भी बढ़ाई गई है। पहले इन खेलों में स्वर्ण पदक विजेता को 30 लाख रुपए दिए जाते थे। उसे बढ़ाकर अब 1 करोड़ रुपए करने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही रजत पदक पर इस राशि को 20 लाख से बढ़ाकर 60 लाख रुपए और कांस्य पदक पर 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपए किया गया है। इसके साथ ही खेलों को बढ़ावा देते हुए राज्य खेलों की तर्ज पर ब्लॉक और ग्राम स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराए जाने की भी घोषणा की है। खेलों के क्षेत्र में राज्य को तेजी से आगे ले जाने पर पर ध्यान केन्द्रित करते हुए कहा गया है कि क्रिकेट भी इसमें शामिल रहेगा। खेल जगत ने सरकार की इस घोषणा का स्वागत किया है।
