राव के साथ हुए अन्याय के लिए माफी मांगें राहुल-सोनिया : सुभाष

हैदराबाद । पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिंह राव के पोते  एनवी सुभाष ने पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव के खिलाफ आरोपों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व पीएम राव केसाथ किए गए अन्याय के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। पूर्व पीएम नरसिंह राव के पोते एनवी सुभाष ने कहा एआईसीसी के सचिव जी चिन्ना रेड्डी का यह बयान कि राव ने अपने कार्यकाल के दौरान नेहरू-गांधी परिवार को दरकिनार करने की कोशिश की थी, सच नहीं है। उन्होंने कहा यह बेहद निंदनीय है। 
उन्होंने दावा किया कि राव गांधी परिवार के सबसे भरोसेमंद और वफादार नेता थे और हमेशा कई मुद्दों पर परिवार का मार्गदर्शन करते थे। सुभाष 2014 में भाजपा में शामिल हुए थे और वह पार्टी की तेलंगाना इकाई के आधिकारिक प्रवक्ता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा नेहरू-गांधी परिवार के इतर नेताओं की अनदेखी की है। स्वर्गीय पीवी नरसिंह राव की भी उपेक्षा की गई। सुभाष ने कहा उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में ले जाने की अनुमति नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा नई दिल्ली में सिवाय राव के सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों के स्मारक बनाए गए हैं, जिससे कांग्रेस नेताओं के उदासीन रवैये का पता चलता है। उन्होंने कहा अपने कार्यकाल के दौरान राव ने गांधी परिवार को कभी भी दरकिनार या दबाने की कोशिश नहीं की। सुभाष ने दावा किया कि हर मौके पर सोनिया गांधी को पार्टी की गतिविधियों, सरकार के कदमों, मंत्रिमंडल विस्तार, चुनावी प्रक्रिया, अभियान और विधानसभा चुनावों में टिकटों के आवंटन के बारे में बताया जाता था। उन्होंने कहा यहां तक कि कई मौकों पर राव व्यक्तिगत रूप से सोनिया गांधी से मिले और उन्हें इन सब बतों से अवगत कराया। सुभाष ने पूछा लेकिन वह न तो राजनीति में दिलचस्पी रखती थीं और न ही चाहती थीं कि उनके बच्चे राजनीति में आएं। ऐसे में परिवार को दबाने का सवाल कहां से उठता है। 
उन्होंने कहा कम से कम अब तो सोनिया गांधी, राहुल गांधी और गांधी परिवार के सभी लोगों तथा कांग्रेस को नरसिंह राव के साथ किए गए अन्याय के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। इस बीच, चिन्ना रेड्डी ने कहा कि वह दिवंगत नेता का बहुत सम्मान करते है और उनका अपमान करने का कोई इरादा नहीं था।

Leave a Reply