रीट परीक्षा में ऐसी सख्ती कि उतरवा दिए गये लड़कियों के दुपट्टे, साड़ी पिन व कंगन भी बने निशाना

डूंगरपुर। राजस्थान में रीट परीक्षा 2022 के पहले दिन स्टूडेंट्स पर कई तरह की सख्ती दिखाई गई। महिलाओं और युवतियों के दुपट्टे व सलवार पर लगे बटन तक काट डाले तो साड़ी पिन से लेकर कंगन तक उतरवा दिए गये। कई लोगों के घाव पर लगी पट्टी भी खुलवा दी गई। इससे स्टूडेंट्स को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दरअसल रीट परीक्षा को लेकर डूंगरपुर में 32 परीक्षा सेंटर बनाए गए हैं। इन सेंटर्स पर सुबह 6 बजते ही स्टूडेंट्स का पहुंचना शुरू हो गया था।
  स्टूडेंट्स ने सबसे पहले परीक्षा सेंटर के बाहर लगी रोल नंबर की लिस्ट पर अपने रोल नंबर के साथ रूम नंबर चेक किया। सभी सेंटरों पर सुबह से ही पुलिस टीम तैनात कर दी गई थी। साढ़े 8 बजे से स्टूडेंट का परीक्षा सेंटर पर प्रवेश शुरू हुआ, लेकिन इससे पहले ही स्टूडेंट्स को चेकिंग की परीक्षा से गुजरना पड़ा। लड़कों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कतारें लगाई गईं थीं। पहले पुलिसकर्मियों ने सभी स्टूडेंट्स को चेक किया। शहर के मॉर्डन स्कूल, एमबी स्कूल, बीएड कॉलेज, गुरुकुल, महारावल स्कूल, किशनलाल गर्ग स्कूल में महिलाओं और युवतियों के दुपट्टे उतरवा कर रखवा दिए गए। इस प्रक्रिया से महिलाएं और युवतियां थोड़ी नर्वस भी लगीं। इसके साथ ही चप्पल, जूते भी बाहर उतरवा दिए गए।
  यही नहीं, महिलाओं के मंगलसूत्र, चूड़ियां, बालों की क्लिप, साड़ी पिन भी निकलवा दी गई। जिन महिलाओं की सलवार पर बटन लगी हुई थी, उसे कैंची से काट दिया गया। कई स्टूडेंट्स को चोट लगी हुई थी, जिस पर पट्टी बंधी हुई थी, उसे भी चेकिंग के दौरान खुलवा दिया गया। रीट परीक्षा के पहले दिन शनिवार को पहली पारी में 11 हजार 160 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।

Leave a Reply