रेप से बचने के लिए चलती कार से कूदी गर्भवती महिला, हुई दर्दनाक मौत

तेलंगाना में एक गर्भवती महिला ने रेप से बचने के लिए चलती कार से छलांग लगा ली जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के वक्त उसके साथ उसकी सात साल की बेटी भी थी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। महिला की पहचान कलावती के रूप में हुई है जो फेरी का काम करती थी घटना के वक्त वह अपने काम से वापस लौट रही थी।
जानकारी के अनुसार कलावती अपनी 7 साल की बेटी के साथ हैदराबाद से अपने घर के लिए निकली थी लेकिन स्टेट ट्रांसपोर्ट की आखिरी बस छूटने की वजह से उसे वैन चालक से लिफ्ट मांगनी पड़ी। कलावती और उसकी बच्ची को अकेला पाकर आरोपी युवकों ने उसके साथ वैन में छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस सब से बचने के लिए कलावती ने चलती कार से छलांग लगा दी जिस दौरान उसकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपियों ने उसकी बेटी को भी कार से उतार दिया और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मृतक महिला की बेटी से पूछताछ में पता चला कि घटना में वैन का चालक और उसका सहयोगी शामिल था। उन्होंने पहले कलावती के साथ बदसलूकी की और बाद में उसके साथ रेप करने की भी कोशिश की। आरोपियों की हरकतों से तंग आकर ही कलावती ने कार से छलांग लगा दी। पुलिस के अनुसार कलावती सात महीने की गर्भवती थी।
