रेलवे स्टेशन से 54 साल की महिला को बहला-फुसलाकर ले गए, किया गैंगरेप

पीड़ित महिला को रोहतक में इलाज के लिए भर्ती कराया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है.
सरकार और पुलिस के तमाम दावों के बावजूद हरियाणा में महिलाएं महफूज नहीं हैं. करनाल में रेलवे स्टेशन पर बैठी 54 साल की महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है. यह घटना बीते 14 अगस्त की है. सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आजतक के अनुसार पीड़ित महिला रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म पर बैठी थी. इस दौरान वहां एक शख्स आया और वो महिला को बहला-फुसलाकर एक औद्योगिक शेड में लेकर गया. इसके बाद उसने वहां पहले से मौजूद सात अन्य लोगों के साथ महिला के साथ गैंगरेप किया.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को अधमरा हालत में छोड़कर फरार हो गए. बाद में होश में आने पर पीड़ित महिला ने किसी तरह 100 नंबर पर पुलिस को खबर दी.
पीड़ित महिला को रोहतक में इलाज के लिए भर्ती कराया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया.
पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि वो उत्तर प्रदेश की रहने वाली है. वो रेलवे स्टेशन पर बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रही थी. करनाल महिला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है.
