लगातार तीसरे दिन तीन लाख से नीचे रहे कोरोना के नए मामले, पर मौतें बदस्तूर जारी

नई दिल्ली । भारत में कोरोना संक्रमण के केसों में पिछले कुछ दिनों से गिरावट देखी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ रोजाना मौतों का आंकड़ा 4,000 के करीब बना हुआ है। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन कोरोना के नए मामलों का आंकड़ा तीन लाख से नीचे रहा। बीते 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना के 2,67,122 नए मामले सामने आए हैं और 3,915 लोगों की मौत हुई।
बीते 6 मई को कोरोना का पीक देखने के बाद से कोरोना के नए मामलों में गिरावट जारी है। हालांकि पिछले 12 दिनों से नए मामलों में गिरावट के बावजूद भारत में रोजाना आने वाले मामले दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा हैं और इनका अंतर भी बहुत अधिक है। भारत की तुलना में डब्ल्यूएचओ के ग्लोबल डेटा की तुलना करें तो दुनिया में कोरोना के सबसे ज्यादा दैनिक मामलों में ब्राजील दूसरे नंबर पर आता है जहां बीते 24 घंटे के दौरान 40,941 नए केस मिले। इसके बाद अमेरिका (17,984), अर्जेंटीना (16,350) और कोलंबिया (15,093) का नंबर है। इनके अलावा दुनिया के किसी भी देश में 15,000 या उससे ज्यादा केस नहीं आ रहे हैं। राज्यों की बात करें तो पिछले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 33,059 केस रिपोर्ट किए गए। इसके बाद केरल और कर्नाटक हैं, जहां 30,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए। सबसे ज्यादा मामलों वाली लिस्ट में महाराष्ट्र चौथे नंबर पर है और पिछले 24 घंटे में यहां 28,438 नए केस सामने आए।
आंध्र प्रदेश (21,320) 5वां ऐसा राज्य हैं जहां कोरोना के नए मामले 20,000 से ज्यादा हैं। बंगाल (19,428) और ओडिशा (10,321) के अलावा अब ऐसा कोई राज्य नहीं है जहां बीते 24 घंटे में 10,000 या उससे ज्यादा केस आए हों। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि कोरोना से होने वाली मौतों का ग्राफ नीचे नहीं गिर रहा है। यह चिंता तब और बढ़ जाती है, जब कोरोना के नए मामलों में तेजी से गिरावट देखने को मिल रही है।
मंगलवार के आंकड़ों के मुताबिक, 11 राज्यों में कोरोना के कारण 100 से ज्यादा लोगों की जान गई। कई महीनों से कोरोना के कारण महाराष्ट्र में ही सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं। बीते 24 घंटे के दौरान भी महाराष्ट्र में 679 लोगों की मौत हुई। इसके बाद कर्नाटक में 525 और तमिलनाडु में 364 मौतें रिपोर्ट की गईं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब में क्रमशः 265, 255 और 231 लोगों की मौत हुई।
