लगातार मिली हार से निराश हैं पंजाब के कप्तान राहुल

अहमदाबाद । पंजाब किंग्स के कप्तान लोकेश राहुल टीम को पिछले छह मैचों में लगातार मिली चौथी हार से बेहद निराश हैं। राहुल ने कहा है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि क्या किया जाये। पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल के इस 14 वें सत्र में नये नाम और जर्सी के साथ उतरी थी पर इससे उसके प्रदर्शन में कोई बदलाव नहीं आया। पंजाब की टीम केकेआर के खिलाफ मुकाबले में यहां की नई पिच से तालमेल नहीं बिठा पाई और नौ विकेट पर 123 रन ही बना सकी। वहीं केकेआर ने कप्तान इयान मॉर्गन के नाबाद 47 और राहुल त्रिपाठी के 41 रन की सहायता से पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस प्रकार केकेआर को छह मैचों में दूसरी जीत मिली है। राहुल ने भी माना है कि उनकी टीम मैदान के अनुरुप ढ़ल नहीं पायी है।
राहुल ने कहा, ‘मुझे सही में नहीं पता कि क्या कहूं। हमने काफी खराब खेल दिखाया। किसी भी टीम को हारना पसंद नहीं होता है। हमें नए मैदान पर, नये हालातों के अनुरुप स्वयं को ढालना होगा। हम बेहतर तरीके से अपने को ढालते तो 20-30 रन अधिक बना सकते थे तब परिणाम कुछ और होता। यह विकेट धीमा था और गेंद नीचे रह रही थी पर 120-130 रन जीत के लिए पर्याप्त नहीं थे। अपने विकेट जल्दी खोना हमें भारी पड़ रहा है। पिच पर काफी उछाल था। पहले छह ओवर में इस विकेट पर शुरू में बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। हमें शॉट्स खेलने में परेशानी आई। ऐसे में हमें जल्दी से पिच के हिसाब से ढलना चाहिए था। पर हम ऐसा नहीं कर सके। आने वाले दिनों में हमें यहां तीन मैच और खेलने हैं। उनमें हम बेहतर प्रदर्शन कर 2-2 अंक हासिल करने का प्रयास करेंगे।
राहुल ने युवा खिलाड़ी रवि बिश्नोई के पकड़े कैच की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा, ‘वह शानदार कैच था। हमारी फील्डिंग अच्छी है। हमारे पास जोंटी रोड्स जैसे ट्रेनर हैं जो सभी को हरेक ट्रेनिंग सेशन में काफी मेहनत कराते हैं।
पंजाब किंग्स की टीम अभी तक अपने छह मैचों में केवल दो ही जीत पायी है। इस प्रकार उसे केवल चार अंक ही मिल पाये हैं।
