लू ने झुलसाया, तापमान 44 डिग्री तक पहुंचा, अभी और रिकार्ड तोड़ेगी गर्मी

राजस्थान के रास्ते हरियाणा में आ रही गर्म हवाओं ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। सुबह नौ बजे से ही गर्म हवा शुरू हो जाती हैं। प्रदेश में कई जिलों मेंं पहली बार पारा 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। गत दिवस सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर में जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं हिसार में इससे थोड़ा नीचे 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
तपिश का हाल यह था कि सुबह पौने 11 बजे के करीब ही अधिकांश जगह पारा 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इसके बाद दोपहर होते-होते यह और चढ़ता गया। गर्म हवाएं करीब साढ़े तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय आद्र्रता 41 फीसद रही तो शाम को महज 20 फीसद रह गई। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार नौतपा 9 दिन का होता है, जिसमें सूर्य धरती के करीब होता है और धरती खूब तपती है।
अब और चढ़ेगा पारा
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ के अनुसार मौसम 1 जून तक आमतौर पर खुश्क व गर्म रहेगा। इस दौरान पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में बढ़ोतरी होना संभव है। इसके कारण कहीं-कहीं बीच-बीच में हल्के बादल छाने की भी संभावना है।
जून के पहले सप्ताह में रिकार्ड तोड़ सकती है गर्मी
मौसम विशेषज्ञ डॉ. डीएस बुंदेला के अनुसार सबसे अधिक गर्मी मई के अंतिम सप्ताह और जून माह के पहले सप्ताह में होती है। जून माह के पहले सप्ताह में गर्मी रिकार्ड तोड़ सकती है।
जून के दूसरे सप्ताह में आएगी तापमान में गिरावट
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार प्रचंड गर्मी रहेगी। जून के दूसरे सप्ताह में तापमान कुछ नीचे आ सकता है। बंगाल की खाड़ी व अरब सागर की ओर से नमी युक्त हवाएं चलने की संभावना है।
जिलावार तापमान का ब्योरा
जिला अधिकतम न्यूनतम
सिरसा 44 28
भिवानी 44 30
चरखीदादरी 44 28
झज्जर 44 28
हिसार 43.6 22.6
रोहतक 43 25
फतेहाबाद 43 28
करनाल 43.2 22.6
पानीपत 43.0 28.0
कुरुक्षेत्र 43.0 24.0
अंबाला 42.9 23.4
जींद 43.0 24.0
कैथल 43.0 24.5
यमुनानगर 43.0 23.0
