लेनदारों से छुटकारा पाने के लिए किसान ने की लूट, पुलिस ने किया खुलासा

फतेहाबाद । फतेहाबाद में एक किसान ने लेनदारों से छुटकारा पाने के लिए साढ़े 7 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि किसान पर 20 -25 लाख रूपए का कर्ज था। टोहाना पुलिस ने पूरे मामले का पटाक्षेप करते हुए खुलासा किया कि अपने साथ लूट की घटना की साजिश स्वयं किसान ने रची थी। पड़ताल और कड़ी पूछताछ के बाद किसान अजमेर सिंह ने न सिर्फ अपनी करतूत कबूली, बल्कि घोषित लूट की रकम की भी बरामदगी करवा दी। इस मामले की जानकारी देते हुए टोहाना के डीएसपी बिरम सिंह ने बताया कि गत 14 मई को दोपहर के समय कुलां चौकी पुलिस को किसान के साथ लूटपाट की सूचना मिली थी। कुलां पुलिस ने अपने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। 
डीएसपी ने बताया कि उन्हें शुरू से ही मामला संदिग्ध लग रहा था। इस बाबत शिकायतकर्ता किसान अजमेर सिंह के सिरसा पुलिस में तैनात भाई से भी बात की गई कि और कहा गया कि वह अपने भाई किसान अजमेर सिंह से पूरी सच्चाई पूछकर स्पष्ट करें, क्योंकि वह कुछ ना कुछ छिपा रहा है। लेकिन शिकायतकर्ता किसान अपनी बात पर अड़ा रहा कि पुलिस की वर्दी धारण किए दो बाइक सवार व दो अन्य व्यक्ति उससे साढ़े 7 लाख रुपये छीन कर फरार हो गए। इस मामले में केस दर्ज कर गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। डीएसपी के अनुसार अजमेर सिंह ने कबूला है कि यह सब उसी का प्लान था। अपने साथ लूट की वारदात को दर्शाकर वह लेनदारों से छुटाकारा पाना चाहता था, क्योंकि उस पर 20 से 25 लाख रुपये का कर्जा है। 
डीएसपी ने बताया कि 14 मई को धारसूल निवासी अजमेर सिंह ने शिकायत देकर बताया था कि वह अनाजमंडी से अपने साढ़े 7 लाख रुपये लेकर निकला था, लेकिन आकांवाली से गुल्लरवाला रोड पर नहर से बाईक पर सवार होकर आए वर्दीधारी दो लोगों ने उसके साथ लूटपाट की। उन्होंने बताया कि यह सारा षड्यंत्र किसान अजमेर का ही रचा हुआ था। गांव इंदाछोई में ठेके पर ली जमीन में ही अजमेर सिंह ने साढ़े 7 लाख रुपये से भरा बैग दबाया था, जिसकी बरामदगी कर ली गई है। डीएसपी ने बताया कि अजमेर सिंह ने पुलिस को गुमराह करने व पुलिस का समय खराब करने कोशिश की है, इसलिए इसके खिलाफ धारा 182 के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply