लोकसभा चुनाव 2019: हरियाणा में 5 रैलियां करेंगी बसपा सुप्रीमो मायावती

लोकसभा चुनावों के मद्देनजर बसपा सुप्रीमो मायावती हरियाणा में 5 रैलियां करने जा रही है. बसपा के प्रदेश प्रभारी मेघराज ने कहा हरियाणा में बसपा सुप्रीमो 5 रैलियां करेंगी, जिसके बाद पूरा माहौल गठबंधन के पक्ष में हो जाएगा. उन्होंने कहा कि हरियाणा में बसपा ने अपने उम्मीदवार घोषित करके यह साबित कर दिया कि वह चुनावी रण के लिए पूरी तरह से तैयार है. पिछले चुनावों में बसपा ने 14 प्रतिशत मत हासिल किए थे, जो कि हरियाणा में बसपा की उपलब्धि है.

वहीं मेघराज ने कहा कि हरियाणा में बसपा-लोसपा गठबंधन को सर्व समाज का समर्थन मिल रहा है और प्रदेश की दसों की दसों लोकसभा सीटें यह गठबंधन जीतकर एक नया इतिहास रचेगा. नीला झंडा और हाथी का निशान देश को समानता का अधिकार देता है और बसपा सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर चलती है.

उन्होंने कहा कि बसपा जात-पात का भेदभाव नहीं करती बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है. बसपा का बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर का संविधान ही घोषणापत्र है, जिस दिन पूरी तरह से लागू हो जाएगा, देश आगे बढ़ जाएगा.

मेघराज बुधवार को बसपा-लोसपा गठबंधन के प्रत्याशी मनधीर सिंह मान के कार्यालय मुजेड़ी स्थित रत्न वाटिका में बसपा-लोसपा कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे. इस अवसर पर बसपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती, लोकसभा प्रभारी डा. रमेश, लोसपा के जिलाध्यक्ष खेमचंद सैनी भी उपस्थित थे.

Leave a Reply