वकीलों की फीस भरने गहने बेचने पड़े: अनिल अंबानी
लंदन । देश के शीर्ष कारोबारियों में शुमार रहे अनिल अंबानी की आर्थिक हैसियत ऐसी हो गई है कि अपने वकीलों की फीस भरने के लिए उन्हें गहने बेचने पड़ रहे हैं। कर्ज के बोझ तले दबे उद्योगपति अनिल अंबानी ने खुद यूके की एक अदालत को यह बात बताई। उन्होंने कोर्ट से कहा कि वो एक साधारण जीवन जी रहे हैं और वो सिर्फ एक कार इस्तेमाल करते हैं। अनिल अंबानी ने कहा कि इस साल जनवरी से जून के बीच उन्होंने 9.9 करोड़ रुपए की कीमत के गहने बेचे और अब उनके पास वैसा कुछ कीमती सामान नहीं बचा है। जब उनसे लग्जरी कारों के बेड़े के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि ये सारे मीडिया में आ रही अफवाहें। मेरे पास कभी रॉल्स रॉयस नहीं थी। अभी मैं सिर्फ एक कार का उपयोग कर रहा हूं। यूके हाई कोर्ट ने 22 मई, 2020 को अंबानी से कहा था कि वो चीन के तीन बैंकों को 12 जून, 2020 तक 71,69,17,681 डॉलर (करीब 5,281 करोड़ रुपए) कर्ज की रकम और 50,000 पाउंड (करीब 7 करोड़ रुपए) बतौर कानूनी खर्च के रूप में भुगतान करें। फिर 15 जून को इंडस्ट्रियल ऐंड कमर्शल बैंक ऑफ चाइना की अगुआई में चीनी बैंकों ने अनिल अंबानी की संपत्तियों का खुलासा करने की मांग की।
29 जून को मास्टर डेविसन ने अंबानी को ऐफिडेविट के जरिए पूरी दुनिया में फैली अपनी उन संपत्तियों का खुलासा करने का आदेश दिया जिनकी कीमत 1,00,000 लाख डॉलर (करीब 74 लाख रुपए) से ज्यादा है। उनसे ऐफिडेविट में यह भी बताने को कहा गया कि उन संपत्तियों में उनकी पूरी हिस्सेदारी है या वो इनके किसी के साथ संयुक्त हकदार हैं। इस आदेश पर कोर्ट को दिए ऐफिडेविट में अंबानी ने बताया कि उन्होंने रिलायंस इनोवेंचर्स को 5 अरब रुपए का लोन दिया है। रिलायंस इनोवेंचर्स में 1.20 करोड़ इक्विटी शेयर की कोई कीमत नहीं है। अंबानी ने कोर्ट को बताया कि अपने पारिवारिक ट्रस्ट समेत दुनियाभर के किसी भी ट्रस्ट में उनका कोई आर्थिक हित नहीं है। यूके हाई कोर्ट में चीनी बैंकों का पक्ष रख रहे वकील बंकिम थांकी क्यूसी ने अंबानी से कहा कि आप सही साक्ष्य नहीं रख रहे हैं। क्या आपका ट्रस्टों के साथ आर्थिक हित जुड़ा है? कोर्ट को पता चला कि अंबानी का बैंक बैलेंस 31 दिसंबर, 2019 को 40.2 लाख रुपए था जो रातोंरात घटकर 1 जनवरी, 2020 को 20.8 लाख रुपए रह गया। अंबानी ने कोर्ट में यह कबूल किया कि वो हाल तक भारत के सबसे धनी लोगों में शुमार होते रहे, लेकिन उनके पास 1,10,000 डॉलर मूल्य की सिर्फ एक कलाकृति है।