वर्ल्ड फूड इंडिया में आज बनेगा 1000 किलो खिचड़ी बनाने का विश्व रिकार्ड

नई दिल्ली। शनिवार को दिल्ली के इंडिया गेट में पतंजलि योगपीठ की ओर से 1000 किलो खिचड़ी तैयार की जाएगी। इसमें काफी मात्रा में देसी घी का उपयोग किया जाएगा। पतंजलि का दावा है कि यह एक विश्व रिकॉर्ड होगा। इस दौरान योगगुरु बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद रहेंगे।
खास बात यह है कि इस खिचड़ी को मशहूर शेफ संजीव कपूर तैयार करेंगे। इसके लिए एक हजार लीटर क्षमता वाली एक विशाल कड़ाही का इस्तेमाल किया जाएगा, जो सात फीट चौड़ी होगी। इसे बनाने में वह 50 लोगों की मदद लेंगे। यह खिचड़ी मेले में मौजूद विदेशी प्रतिनिधियों के साथ ही एक एनजीओ के 40 हजार बच्चों को परोसा जाएगा।
मेले में प्रधानमंत्री के साथ तस्वीर लेने का मौका
मेले में डिजिटल थीम पर आयोजित एक कोने में प्रधानमंत्री के साथ तस्वीर खिंचवाने का भी मौका मिल रहा है। दरअसल, उसमें इस तरह की व्यवस्था की गई है जिसमें लगता है कि बैठकर प्रधानमंत्री से सीधे संवाद कर रहे हों। पहले दिन ही यह आने वाले लोगों में काफी लोकप्रिय रहा।
हर तरफ बिखरी भारतीय मसालों की खुशबू
मेले में हर तरफ भारतीय मसालों की खुशबू बिखरी हुई है। विश्व खाद्य मेले में विभिन्न राज्यों के स्टॉल लगे हुए हैं, जिसमें उस राज्य के विशेष मसालों के साथ ही फलों और फसलों की प्रदर्शनी लगाई गई है।
