वाराणसी के आरएसओ की कार नहर में गिरी, मौत

वाराणसी के प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंद्रमौलि पांडेय की रविवार की रात चंदौली के शहाबगंज के पास कार दुर्घटना में मौत हो गई। कार वह खुद चला रहे थे। बारिश, तेज गति और अंधेरे के कारण कार नहर में जा गिरी। दुर्घटना में उनकी मां कृष्णावती की भी मौत हो गई। वह ड्राइविंग सीट के बगल में ही बैठी थीं। कार में पीछे बैठे पांडेय के छोटे भाई और बहन को राहगीरों ने किसी तरह बचा लिया। पांडेय की अंत्येष्टि सोमवार को दिन में वाराणसी में होगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के कारण सड़क पर काफी फिसलन थी। अचानक तेज रफ्तार कार फिसलकर नहर में जा गिरी। राहगीरों के शोर मचाने पर आसपास रहनेवाले लोग भी सड़क पर आ गये। लोगों ने नहर में गिरी कार का शीशा तोड़कर उसमें पीछे बैठे दो लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद आगे की सीट पर बैठे चंद्रमौलि पांडेय और उनकी मां को निकाला गया। इस बीच सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
पिछली सीट पर बैठे पांडेय के छोटे भाई चंद्रशेखर और बहन चंद्रावली को बेहोशी की हालत में रामनगर स्थित अस्पताल भेजा गया। क्षेत्र में रहने वाले कुछ लोगों ने ही चंद्रमौलि पांडेय और उनके परिजनों की पहचान की और उनके घर पर सूचना दी।
चंदौली के मसोई गांव के निवासी चंद्रमौलि पांडेय कुश्ती के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे। लगभग डेढ़ वर्ष पहले उन्हें वाराणसी में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया था। दुर्घटना में उनकी मौत की खबर आते ही वाराणसी के खेल जगत में शोक छा गया। तत्काल इसकी सूचना लखनऊ स्थित खेल निदेशालय को भी दे दी गयी।
