वारेन बफे के साथ लंच के लिए 22 करोड़ की बोली लगी

दुनिया के सबसे बड़े निवेशकों में शुमार वॉरेन बफे के साथ लंच करने के लिए एक अनाम व्यक्ति ने  3,300,100 डॉलर (22.10 करोड़ रुपये) की बोली लगाई है। 


यह बोली ईबे पर पांच दिवसीय ऑनलाइन नीलामी के अंतिम समय में लगाई गई। बोली लगाने की शुरुआत बीते रविवार से हुई थी। इससे मिलने वाली रकम ग्लाइड फाउंडेशन के काम आएगी, जो सान फ्रांसिस्को की एक परमार्थ संस्था है। यह गरीबों और बेघरों की मदद करती है।   

यह बोली बीते 19 साल में बफे के साथ लंच करने के लिए लगाई गई तीसरी सबसे ऊंची बोली है। आपको बता दें कि बर्कशर हैथवे कंपनी के प्रमुख और दुनिया के सबसे बड़े निवेशकों में शुमार हैं। दुनिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स माने जाते हैं। 


इससे पहले साल 2012 और 2016 में रिकॉर्ड 3,456,789 डॉलर (23.15 करोड़ रुपये) की बोली लगाई गई थी। इस साल की नीलामी में महज छह लोगों ने 136 बोलियां लगाईं। नीलामी बीते शुक्रवार की रात समाप्त हुई।  


इस नीलामी से ग्लाइड फाउंडेशन के सालाना दो करोड़ डॉलर के बजट में मदद मिलेगी। यह फाउंडेशन लाखों गरीबों और बेघरों के लिए मुफ्त भोजन, आश्रय, एचआईवी और हेपेटाइटिस जांच, कार्य प्रशिक्षण, बच्चों की देखभाल और स्कूल से इतर कार्यक्रम आदि मुहैया कराता है। 

बफे की पहली पत्नी सुसान ने ग्लाइड से उनका परिचय कराया था।  


Leave a Reply