वार्न को आदर्श मानता है यह भारतीय स्पिनर

चेन्नै । आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचने वाले लेग स्पिनर राहुल चाहर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न को अपना आदर्श मानते हैं। चाहर ने कहा, 'वॉर्न मेरे आदर्श हैं। जब मैं आठ साल का था, तब मेरे कोच वॉर्न की डीवीडी लाते थे और मुझे दिखाते थे। उन विडियो को देखने के बाद मैं भी उनकी तरह गेंदबाजी करने लगा।' उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स के परिणाम को लेकर कहा, 'यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मैच था और इस जीत से हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। हमारे लिए उनके बल्लेबाज का विकेट हासिल करना महत्वपूर्ण था और हमने पहले ही ओवर में शेन वॉटसन को आउट कर दिया।' चाहर ने कहा, 'हमने मैच से पहले टॉस के बारे में ज्यादा नहीं सोचा। हमें लगा कि अगर पूरे मैच के दौरान विकेट एक जैसा ही रहता है तो दूसरी पारी में लक्ष्य को पाना आसान हो जाएगा।'
