विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित

अहमदाबाद | सौराष्ट्र की तीन विधानसभा सीटों पर होनेवाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है| कांग्रेस ने बुधवार की देर रात माणावदर, जामनगर ग्रामीण और ध्रांगध्रा विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है| भाजपा पहले ही इन तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है| कांग्रेस ने माणावदर सीट पर अरविंद लडाणी, जामनगर ग्रामीण से जयंती सभाया और ध्रांगध्रा विधानसभा सीट पर दिनेश पटेल को मैदान में उतारा है| ये तीनों सीटों के कांग्रेस विधायक इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे| जिसकी वजह से रिक्त हुई सीटों पर उपचुनाव का ऐलान किया गया था| सौराष्ट्र की माणावदर सीट पर राज्य के कैबिनेट मंत्री जवाहर चावड़ा के खिलाफ कांग्रेस ने अरविंद लडानी को उतारा है| वहीं ध्रांगध्रा सीट पर कांग्रेस से आए परषोत्तम साबरिया को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है, जिनका मुकाबला दिनेश पटेल से होगा| इसके अलावा जामनगर ग्रामीण सीट पर राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस छोड़ने वाले राघवजी पटेल को भाजपा ने टिकट दिया है और उनका मुकाबला कांग्रेस के जयंति सभाया से होगा| सौराष्ट्र की चौथी सीट गिरनाथ सोमनाथ की तालाला सीट के उपचुनाव पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है, जिससे इस पर फिलहाल चुनाव नहीं होगा| भाजपा ने तालाला सीट पर पूर्व मंत्री जशा बारड के नाम का ऐलान कर दिया था|
