विपक्ष का नेता पद मिल जाए, इसलिए चुनाव लड़ रही है कांग्रेसः प्रभात झा
मंदसौर। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 44 सीटें नसीब हुईं थीं, जिसके कारण वह विपक्ष में बैठने के लायक भी नहीं बची थी। इस बार कांग्रेस अपनी सीटें बढ़ाने के लिए चुनाव लड़ रही है, ताकि विपक्ष के नेता का पद उसे मिल जाए। पूरा देश और मध्यप्रदेश मोदीमय है और पिछली बार हमने घर-घर मोदी का जो नारा दिया था, वह साकार हो चुका है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रभात झा ने सोमवार को मंदसौर में पार्टी प्रत्याशी सुधीर गुप्ता के समर्थन में आयोजित जनसभा में कही।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रभात झा सोमवार को मंदसौर-नीमच संसदीय क्षेत्र के लोकसभा प्रत्याशी सुधीर गुप्ता के नामांकन रैली में शामिल हुए। नामांकन रैली में झा के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद डॉ. सत्यनारायण जटिया, प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर, विधायक चेतन कश्यप, पूर्व मंत्री कैलाश चावला, जगदीश देवड़ा के अलावा मंदसौर संसदीय क्षेत्र के सभी विधायक और जिला अध्यक्ष शामिल हुए।
– 23 मई को देश में फिर बनेगी मजबूत सरकार
नामांकन रैली को संबोधित करते हुए प्रभात झा ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तस्वीर साफ है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बनेंगे और जनता उन्हें पूर्ण बहुमत से जितायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते पांच वर्षों में जनता का विश्वास जीता है। देश की हवा और फिजा नरेन्द्र मोदी के समर्थन में है। नरेन्द्र मोदी भारत के प्रतीक है। उन्होंने भारत का मान बढ़ाया है। झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रोकने के लिए देश के सारे दल एकत्रित हो गए है। लेकिन आने वाली 23 तारीख को जब परिणाम आएंगे, तो देश में दोबारा एक मजबूत सरकार बनेगी।
– दुर्घटनावश मुख्यमंत्री बने कमलनाथ
प्रभात झा ने कहा कि जिस तरह डॉ. मनमोहन सिंह एक्सीडेंटल प्रधानमंत्री बने थे, ठीक उसी तरह मध्यप्रदेश में कमलनाथ भी दुर्घटनावश मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को बरगलाने की कोशिश की। किसानों और युवाओं को छलने का काम इस सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार लंगड़ी सरकार है। सभा को प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर रतलाम पूर्व जिलाध्यक्ष कानसिंह चौहान, पूर्व मंत्री कैलाश चावला, विधायकगण जगदीश देवड़ा, ओमप्रकाश सकलेचा, राजेन्द्र पांडे, यशपाल सिंह सिसौदिया, दिलीप सिंह परिहार, देवीलाल धाकड़, अनिरूद्ध माधव मारू, प्रियंका गोस्वामी सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।