शादी के नाम पर दिए 70 हजार, लुधियाना स्टेशन पर फोन लेकर गायब हो गई दुल्हन

जींद के रोहतक रोड पर स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी सुरेंद्र नामक युवक के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि जिन लोगों की उसने शिकायत दी है वह एक गिरोह चलाते हैं और लोगों को ठगते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुरेंद्र कुमार के अनुसार उन्होंने रोहतक रोड पुलिस चौकी व सीएम विंडो पर इसकी शिकायत दी है। वहीं रोहतक रोड चौकी प्रभारी रामपाल सिंह के अनुसार इस प्रकार की शिकायत नहीं आई है।

पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र ने कहा कि बीमारी की वजह से उसकी पत्नी की दो साल पहले मौत हो गई थी। उसके माता-पिता बुजुर्ग हैं। ऐसे में नरवाना रोड निवासी दो लोग उसके घर आए और कहा कि वे रिश्ता करवाते हैं। उन्होंने पंजाब में एक लड़की देखी है। लड़की अपने रिश्तेदारों के पास रहती है। उक्त लोगों ने कहा कि लड़की बहुत ही गरीब परिवार से है और शादी के लिए एक लाख रुपये देने होंगे।
इस पर 85 हजार रुपये में बात तय हो गई। आरोप है कि पिछले महीने ही उसे पंजाब ले जाया गया और उसकी मुलाकात लुधियाना निवासी दो महिलाओं व एक संगरूर निवासी युवती से करवाई गई। उसने आरोपियों को 70 हजार रुपये दे दिए। आरोप है कि इसके बाद सात जून को वह दोनों आरोपियों के साथ फिर लुधियाना गया और वहां कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया पूरी की। 

सुरेंद्र ने अपनी शिकायत में कहा कि नौ जून को पंजाब निवासी महिला का फोन आया कि उसकी पत्नी के घर में जागरण है। इस पर वह अपनी पत्नी को लुधियाना ले गया। सुरेंद्र के अनुसार लुधियाना रेलवे स्टेशन पर उसकी पत्नी ने उसका मोबाइल फोन मांगा और गायब हो गई।

इसके बाद जब वह लुधियाना निवासी दूसरी महिला के घर पहुंचा और बातचीत की तो उक्त लोगों ने आनाकानी की। सुरेंद्र के अनुसार जब उसने पुलिस को शिकायत देने की बात कही तो उन्होंने जान से मारने की धमकी देने लगे।

पहले से ही शादीशुदा है महिला
सुरेंद्र के अनुसार जिस महिला से उसकी शादी करवाई गई, वह पहले से ही शादीशुदा है और उसका धर्म व नाम भी अलग है। सुरेंद्र के अनुसार यह गिरोह काफी लोगों को ठग चुका है। इस पर उसने पुलिस को शिकायत दी है।

Leave a Reply