शादी समारोह जैसी बूथों की सजावट, तोरणद्वार और ग्रीन कारपेट के साथ 4000 पौधे लगाए गए

पटना. वसुंधरा मतदान केंद्र के रूप में चयनित नूतन राजधानी अंचल, बांकीपुर, कंकड़बाग और पटना सिटी अंचल कार्यालय को ईको फ्रेंडली बनाया गया है। इन्हें चार हजार से अधिक पौधाें से सजाया गया है। मतदाताओं के स्वागत के लिए तोरणद्वार बनाया गया है और ग्रीन कार्पेट बिछाया गया है। 

 
वाहनों की पार्किंग के साथ ही बूथ तक लोगों को पहुंचाने के लिए सहयोगी की नियुक्ति की गई है। बूथ काे देखने से किसी शादी समारोह का अहसास हो रहा है। इन मतदान केंद्राें पर मतदाताओं की सहूलियत का पूरा ध्यान रखा गया है। बैठने के लिए सोफा व कुर्सी और गर्मी से निजात दिलाने के लिए कूलर लगाया गया है। पेयजल के लिए घड़े में ठंडा पानी रखा गया है। कुल्हड़ से लोग अपनी प्यास बुझा सकते हैं। इसके लिए लगभग 10 हजार कुल्हड़ की व्यवस्था की गई है।

दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप, रेलिंग, व्हील चेयर रखी गई है। महिला मतदाताओं के लिए क्रेच की व्यवस्था की गई है। वे जितनी देर रहेंगी, उनके बच्चों की सुरक्षा और मनोरंजन की जिम्मेदारी क्रेच के संचालक की होगी। सभी मतदान केंद्र पर एक-एक चिकित्सक व पारा मेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ ही ऑक्सीजन सिलेंडर और दवाइयां भी उपलब्ध हैं। आग से बचाव की भी व्यवस्था है। मॉड्यूलर टॉयलेट लगाया गया है। इसके साथ ही नगर निगम ने 400 बूथों पर पेयजल, शौचालय और रोशनी की व्यवस्था की है। इसके साथ ही 750 मतदान केंद्राें को मधुबनी पेंटिंग से सजाया गया है।

बुजुर्ग व दिव्यांग वोटरों को घर से लाने-पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा

पाटलिपुत्र और पटना साहिब लाेकसभा क्षेत्र में शत प्रतिशत मतदान कराने की तैयारी जिला प्रशासन ने पूरी कर ली है। इसके अस्पताल में भर्ती मरीजों काे मतदान केंद्र पर पहुंचाने व ले जाने वाली एंबुलेंस काे पास निर्गत किया गया है। इसके साथ ही बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के घर से मतदान केंद्र पर लाने और मतदान के बाद घर पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था है।

मतदान केंद्र के 200 मीटर पहले निजी वाहन खड़ी करनी हाेगी

जिन लाेगाें ने बीएलओ के पास मतदाता का नाम लिखकर दिया है उनके घर ई-रिक्शा जाएगी। जाे लाेग किसी कारणवश नाम नहीं लिखा पाए हैं वे टाेल फ्री नंबर 1950 पर काॅल कर पूरी जानकारी देकर बुजुर्गों के लिए ई-रिक्शा घर मंगा सकते हैं। आम लाेग परिवार समेत मतदान करने के लिए अपने निजी वाहन से मतदान केंद्र पर जा सकेंगे। मगर मतदान केंद्र के 200 मीटर पहले गाड़ी खड़ी करनी हाेगी।
 

Leave a Reply