शिवसेना नेता बोले- नारायण राणे का BJP में आना दूध में नमक मिलाने जैसा

शिवसेना नेता और राज्य सरकार में मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि नारायण राणे का बीजेपी में शामिल होना दूध में नमक मिलाने जैसा होगा. मुझे नहीं लगता है मुख्यमंत्री (फडणवीस) ऐसा फैसला लेंगे.
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने की कयासबाजी तेज है. बीते दिनों नारायण राणे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात भी की थी. इस बीच शिवसेना नेता और राज्य सरकार में मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि नारायण राणे का बीजेपी में शामिल होना दूध में नमक मिलाने जैसा होगा. उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता है सीएम (फडणवीस) ऐसा फैसला लेंगे.
केसरकर ने कहा, 'सीएम देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे का जिस तरह का संबंध है और जिस तरह से वे सत्ता में आए थे, नारायण राणे को भाजपा में शामिल होने देना दूध में नमक डालने जैसा होगा. हमें पता है कि सीएम ऐसा कोई फैसला नहीं लेंगे.'
केसरकर ने आगे कहा, मुख्यमंत्री अब तक सही फैसले लेते रहे हैं और हमें उम्मीद है वे आगे भी ऐसा ही करेंगे. राणे को बीजेपी में लेने का क्या मतलब है, उनके पास केवल एक विधायक बचा है. कांग्रेस में भी उन्होंने नेतृत्व का आदर नहीं किया.
पिछले हफ्ते राणे ने कहा था कि बीजेपी उन्हें शामिल कर ले क्योंकि उनके सब्र का बांध अब टूटा जा रहा है. राज्यसभा सदस्य नारायण राणे ने कहा था कि वे अपनी पार्टी-महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष-को अगले 10 दिन में भंग कर देंगे. राणे ने यह भी दावा किया था कि उनकी पार्टी को बीजेपी में शामिल करने के लिए अमित शाह ने हरी झंडी दे दी है. राणे का दावा था कि वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के फैसले का इंतजार कर रहे हैं. राणे बीजेपी कोटे से महाराष्ट्र से राज्यसभा सदस्य हैं लेकिन उनकी पार्टी का बीजेपी में अब तक विलय नहीं हुआ है.
