शेयर बाजार पर कोरोना की मार जारी, सेंसेक्स 2600 अंक से ज्यादा गिरा
शेयर बाजार पर कोरोना की मार लगातार जारी है. हफ्ते के पहले दिन बाजार खुलते ही धड़ाम हो गया. सेंसेक्स में 2600 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई, वहीं 50 कंपनियों वाले निफ्टी में भी 600 अंक से ज्यादा नीचे आ गया. डॉलर के मुकाबले की कीमत भी काफी गिरावट दर्ज की गई है. एक डॉलर की कीमत 76 रुपये को पार कर गई है.
कोरोना वायरस संकट के बीच पंजाब के आईएएस अधिकारियों ने बड़ा फैसला लिया है. कोरोना वायरस के कारण जिन लोगों की रोजी रोटी पर असर पड़ा है उनकी मदद के लिए सभी आईएएस अधिकारी अपनी एक दिन की सैलरी मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करेंगे. बता दें कि कोरोना के खतरे को देखते हुए पंजाब सरकार ने 31 मार्च तक लॉक डाउन के आदेश दिए हैं. पंजाब में अब तक कोरोना के 13 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों के लिए लॉकडाउन की स्थिति के बीच अपना संदेश दिया है. उन्होंने ट्वीट किया है और कहा है कि आज से दिल्ली में लॉकडाउन शुरू, मेरे दिल्लीवासियों, आपने व्यक्तिगत परेशानी उठाकर पॉल्यूशन को हराने के लिए Odd Even कर दिखाया. आपने डेंगू के खिलाफ महाअभियान को अपनाया. मुझे विश्वास है Covid-19 से अपने परिवार को बचाने के लिए आप लॉकडाउन में भी अपना सहयोग दे कर इस लड़ाई को जीतेंगे.
कोरोना वायरस से जुड़ी एक बड़ी खबर लखनऊ से आई है. लखनऊ के घंटाघर में 17 जनवरी से सीएए के खिलाफ जारी महिलाओं का धरना खत्म करने का फैसला किया गया है. महिलाओं में कोरोना की वजह से अस्थाई तौर पर धरना ख़त्म किया है. कोरोना महामारी ख़त्म होने के बाद फिर से धरना शुरू करने की बात कही गई है. इस बीच महिलाओं ने सांकेतिक तौर पर अपने दुपट्टे घण्टाघर पर छोड़ दिये हैं. वहीं दिल्ली शाहीन बाग में प्रदर्शनकारी महिलाओं ने रणनीति बदली है. शाहीन बाग में सिर्फ पांच महिलाएं ही धरने पर बैठेंगी, यह पांचों महिलाएं भी समय समय पर बदलती रहेंगी.
