श्रीगंगानगर: ब्लैक फंगस पीड़ित वृद्धा के लिये फरिश्ता बने सोनू सूद, जरुरी इंजेक्शन भिजवाये

श्रीगंगानगर. कोरोना काल में जरुरमंदों के लिये फरिश्ता बनकर उभरे भारतीय मॉडल और फिल्म अभिनेता सोनू सूद (Film actor Sonu Sood) ने मुंबई से राजस्थान के श्रीगंगानगर में बीमार वृद्ध महिला की मदद की है. सोनू सूद ने कोरोना संक्रमण के बाद ब्लैक फंगस महामारी से जूझ रही महिला के इलाज के लिए जरूरी इंजेक्शन (Necessary injections) मुंबई से श्रीगंगानगर भिजवाकर बड़ी राहत प्रदान की है.

जानकारी के श्रीगंगानगर के टांटिया अस्पताल में भर्ती महिला को ब्लैक फंगस के इलाज के लिये कुछ जरुरी इंजेक्शन की जरुरत थी. तमाम प्रयासों के बाद भी वो इंजेक्शन कहीं पर भी उपलब्ध नहीं हो रहे थे. इस पर पीड़िता के बेटे अमनप्रीत ने जोधपुर में सोनू सूद के फांउडेशन का काम देख रहे हितेश से संपर्क किया. उनके मार्फत अमनप्रीत की सोनू सूद से बात हुई. इस पर सोनू सूद ने इंजेक्शन भेजने का भरोसा दिलाया.

पीड़िता के बेटे और बेटी ने सोनू सूद का जताया आभार

फिर सोनू सूद ने किसी परिचित के मार्फत ये 12 इंजेक्शन टांटिया हॉस्पिटल भिजवाये. इस महिला के पहले कोरोना हुआ था. बाद में वह ब्लैक फंगस से पीड़ित हो गई थी. उसी के इलाज के लिए इंजेक्शन की जरूरत थी. अमनप्रीत ने उनका सोनू सूद आभार व्यक्त किया है. पीड़ित महिला की बेटी कनाडा में रहती है. उसने भी वीडियो जारी कर सोनू सूद का आभार प्रकट करते हुये सोनू सूद के फाउंडेशन से जुड़ने का आह्वान किया है.

कुछ लोग 'आपदा' में 'अवसर' तलाश रहे हैं

उल्लेखनीय है कि कोरोना काल में जरुरी दवाइयों की डिमांड को देखते हुये राजस्थान समेत देशभर में उनकी कालाबाजारी जोरों पर है. ऐसे में कई लालची लोग मानवता को ताक में रखकर 'आपदा' को 'अवसर' के रूप में देख रहे हैं और जरुरी दवाइयों समेत मेडिकल ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक सामान की कालाबाजारी करने में जुटे हैं. वहीं दूसरी तरफ फिल्म अभिनेता सोनू सूद सरीखे लोग भी हैं जो संकट की इस घड़ी में जी जान से निस्वार्थ भाव से पीड़ितों की सेवा में जुटे हैं.
 

Leave a Reply