श्रीजेश को ओलंपिक में भारतीय टीम के जीतने की उम्मीद
भारतीय हॉकी टीम के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश का मानना है कि टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही और उसके अगले साल होने वाले ओलंपिक खेलों में जीतने की पूरी संभावनाएं हैं। श्रीजेश के अनुसार भारतीय टीम में स्वर्ण पदक जीतने की पूरी क्षमताएं हैं और टीम इसके लिए पूरे प्रयास करेगी। साथ ही कहा कि हमारा फिटनेस का स्तर भी दुनिया की दूसरी टीमों से बेहतर है।'
श्रीजेश ने कहा कि हाल के दिनों में भारतीय टीम काफी बेहतर हुई है। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि अब दूसरी टीमों से बहुत ज्यादा अंतर नहीं है, हमने इस साल की शुरूआत में ही एफआईएच प्रो लीग में खेला है। हम किसी को भी हरा सकते हैं।' उन्होंने कहा, ‘अभी तैयारियों के लिए एक साल का समय बचा है। यह मेरे लिए सबसे बड़ा टूर्नामेंट होगा और मुझे लग रहा है कि यह भारतीय हॉकी के लिए काफी अहम साल होगा।'
श्रीजेश ने कहा, ‘अगर हम अगले साल टोक्यो में अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन करते हैं तो हम वास्तव में ओलंपिक पदक को अपने देश में वापस ला सकते हैं।' इस पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘तोक्यो ओलंपिक वास्तव में ऐसा है जिसका मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। हम अपने खेल के विभिन्न पहलुओं में सुधार लाने में कामयाब रहे। श्रीजेश आजकल ब्रेक के दौरान अपने घर में आराम कर रहे हैं। सभी खिलाड़ी लॉकडाउन के दौरान साई केन्द्र में ही फंसे रह गये थे, ऐसे में साई ने सभी खिलाड़ियों का तरोताजा होने के लिए घर जाने की अनुमति दी थी।
कोरोना से उबरे हॉकी खिलाड़ी फिर टीम में शामिल : कोच
वहीं टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण से उबरे सभी छह हॉकी खिलाड़ी एक बार फिर ओलंपिक के लिए जारी अभ्यास शिविर में शामिल हो गये हैं। रीड ने कहा कि टीम में शामिल होने से पहले इन खिलाड़ियों ने अपने पृथकवास की अवधि ठीक से गुजारी। कोच के अनुसार ये खिलाड़ी अब फिटनेस हासिल करने के करीब पहुंच गये हैं। इससे पहले कप्तान मनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, जसकरन सिंह, वरुण कुमार, कृष्ण बहादुर पाठक और मनदीप सिंह को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी पर उन्हें टीम में शामिल होने से पहले कुछ और दिनों के लिए पृथकवास में रखा गया था। हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित एक वेबिनार में रीड ने कहा, ‘‘ वे पूरी तरह टीम से जुड़ गये है, इसलिये वही कर रहे हैं जो बाकी दूसरे खिलाड़ी कर रहे हैं। उन्होंने अन्य खिलाड़ियों की तुलना में दो-तीन सप्ताह बाद अभ्यास शुरु किया। उन्होंने धीमी शुरुआत की पर अब वे अब अन्य खिलाड़ियों की तरह ही फिटनेस स्तर हासिल करने के बेहद करीब हैं।’’
इसके साथ ही कोच ने कहा, ‘‘हम इस सप्ताह टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ उनका भी परीक्षण कर रहे हैं। हम उनकी फिटनेस स्थिति से खुश हैं हालांकि अब भी उन्हें पूर्ण फिटनेस का स्तर हासिल करने में समय लगेगा।’’ रीड ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले चार-पांच सप्ताह तक खिलाड़ी पूरी तरह से अभ्यास करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ हम अपनी बुनियादी चीजों और आंतरिक मैचों पर ध्यान दे रहे हैं। उम्मीद है कि अगले चार-पांच सप्ताह में पूर्ण अभ्यास करेंगे। अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन की हालांकि अभी उम्मीद नहीं है।’’
