संबंध फिनसर्व प्राइवेट लिमिटेड का हो सकता है लाइसेंस रद्द

मुंबई । भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) माइक्रो फाइनेंस कंपनी संबंध फिनसर्व प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस रद्द करने की तैयारी कर रहा है। आरबीआई ने लाइसेंस रद्द करने से पहले आर्थिक संकट का सामना कर रहे और घोटाले के आरोपों से घिरे इस बैंक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एक अंग्रेजी वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार बैंक का नेटवर्थ आरबीआई द्वारा तय की गई लिमिट से कम होने लगा और हाल के महीनों में बैंक की वित्तीय भी काफी खराब हुई है। इसी के मद्देनजर आरबीआई अब बैंक का लाइसेंस रद्द करने जा रहा है। रिपोर्ट में बताया गया कि संबंध फिनसर्व को आरबीआई ने कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि आखिर उसका लाइसेंस रद्द क्यों नहीं किया जाना चाहिए? बैंक के नेटवर्थ में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि बैंक का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। हालांकि रिजर्व बैंक ने फिलहाल इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है और न ही संबंध फिनसर्व की तरफ से ऐसी कोई जानकारी सामने आई है।
