सपा सांसद आज़म खान का छलका आंसू, बोले- मैं जिंदा हूं अभी तक क्योंकि मुजरिम हूं…

रामपुर. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के रामपुर (Rampur) से समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के सांसद आज़म खान (Azam Khan) शनिवार देर शाम अपनी पत्नी के लिए एक जनसभा को संबोधित करते हुए भावुक हो गए. आज़म खान की पत्नी डॉ. तजीन फातमा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (SP) की प्रत्याशी हैं. चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आज़म खान का दर्द छलक उठा. उन्होंने कहा कि पार्लियामेंट का चुनाव जीतने के बाद खुशियों के कितने पहाड़ मेरे ऊपर टूट गए. उन्होंने कहा कि मजाक बनाओ मेरा, हंसो मेरे ऊपर, कहो एक ढोंगी, एक मदारी रोज आता है. आंसू बहाता है और चला जाता है.
क्योंकि मैं मुजरिम हूं…
सपा सांसद ने कहा, 'मैं जिंदा हूं…अभी तक जिंदा हूं…इसलिए कि मैं मुजरिम और अपराधी हूं.' चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आपका वकील हूं और आपकी खुशियां चाहता हूं. सपा सांसद ने दावा करते हुए कहा कि इस लड़ाई से पीछे नहीं हट सकता और मैदान छोड़कर नहीं जा सकता.
'वह डाकू था मगर तुम्हारे लिए कलम लेकर आया था'
जनसभा को संबोधित करते हुए आज़म खान दोबारा भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि कल को जब मेरी बुराई लिखी जाएगी और जब मेरे खून के आंसू मेरी तारीफ के उरांव पर हो तो लोग यह पकड़ लें कि एक ऐसा शख्स भी जमीन पर पैदा हुआ था, जिसने नस्लों के लिए मुर्गियां चुराई थींं, बकरियां चुराई थींं, भैंसें चुराई थींं, किताबें चुराई थी. वो डाकू था मगर वह तुम्हारे लिए कलम लेकर आया था. उन्होंने कहा कि शर्म आती है. सोचता हूं तो शर्म आती है.
बता दें कि यूपी की 11 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में 21 अक्टूबर को वोटिंग होगी. इसी दिन महाराष्ट्र और हरियाणा के भी विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे. चुनाव परिणाम इसके तीन दिन बाद यानी 24 अक्टूबर को आएंगे.
