सबको साधने की कोशिश? पंजाब में मुख्यमंत्री के साथ दो डिप्टी सीएम भी बना सकती है कांग्रेस

पंजाब :में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस बरकरार है। पंजाब का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, अब तक इस पर कांग्रेस के भीतर माथापच्ची जारी है। हालांकि, सुनील जाखड़, अंबिका सोनी और सिद्धू इस रेस में आगे चल रहे हैं। इस बीच बताया जा रहा है कि कांग्रेस पंजाब में दो मुख्यमंत्री बना सकती है। सूत्रों की मानें तो ऐसी संभावना है कि एक मुख्यमंत्री के साथ पंजाब में दो उपमुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं।
फिलहाल, कांग्रेस के विधायकों ने एक प्रस्ताव पास किया है और नए मुख्यमंत्री के नाम के चयन को लेकर सोनिया गांधी को अधिकृत किया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। नवजोत सिंह सिद्धू के साथ उनकी महीनों से सियासी लड़ाई चल रही थी। हालांकि, इस्तीफा देने से पहले कैप्टन ने सोनिया गांधी से बातचीत की थी।
नवजोत सिंह सिद्धू के करीबी सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री के लिए जो भी नाम तय होगा, उसके साथ दो उपमुख्यमंत्री होंगे. हालांकि, उपमुख्यमंत्रियों के फैसले इस बात पर निर्भर करेंगे कि मुख्यमंत्री के रूप में किसे नामित किया जाएगा। बता दें कि पंजाब में यह सबकुछ ऐसे वक्त में हो रहा है, जब अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
