सांवेर उपचुनाव : सिलावट आज, गुड्डू कल जमा करेंगे नामांकन
इन्दौर । सांवेर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट बुधवार सुबह 11 बजे नामांकन जमा करेंगे। सिलावट सुबह अपने ईष्टदेव के दर्शन कर नामांकन जमा करने जाएंगे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद बौरासी 'गुड्डू' गुरुवार को अपना नामांकन पत्र जमा करेंगे। गुड्डू सुबह महाकाल मंदिर के दर्शन करने के बाद तहसील कार्यालय सांवेर में नामांकन जमा करने पहुंचेंगे।
इन्दौर जिले के सांवेर विधानसभा उप चुनाव के लिये नामांकन दाखिल करने के तीसरे दिन मंगलवार को किसी भी उम्मीदवार द्वारा अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। जबकि सोमवार को बसपा प्रत्याशी सेवानिवृत्त संयुक्त कलेक्टर विक्रमसिंह गेहलोत ने अपना नामांकन जमा करवाया था। वहीं सांवेर से पहली बार सपाक्स पार्टी ने संतोष रत्नाकर को प्रत्याशी बनाया है। जबकि तीन निर्दलीय प्रत्याशी भी नामांकन भरने की तैयारी कर रहे है। डमी प्रत्याशी की बात करें, तो कांग्रेस ने हातोद नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश परमार से डमी फॉर्म भरवाया है। वहीं भाजपा की ओर से डमी फॉर्म कौन भरेगा यह अभी तय नहीं है। जबकि बसपा ने किसी से डमी फॉर्म नहीं भरवाया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तय किये गये कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर हैं। नामाकंन पत्र सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक जमा किये जा सकेंगे। प्राप्त नामाकंन पत्रों की जांच 17 अक्टूबर को की जायेगी। उम्मीदवार 19 अक्टूबर तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। आगामी 3 नवम्बर को मतदान होगा। मतों की गणना 10 नवम्बर को होगी।
:: ई-नामाकंन की भी सुविधा ::
कोरोना महामारी के चलते इस बार चुनाव में उम्मीदवारों को ई-नामांकन जमा करने की सुविधा भी दी गई है। उम्मीदवार भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार किए गए पोर्टल सुविधा (suvidha.eci.gov.in) के माध्यम से अपना ई-नामांकन भर सकते हैं, लेकिन अब तक किसी प्रत्याशी ने इस सुविधा का लाभ नहीं उठाया है।
:: 'ताई' और 'भाई' की मौजूदगी पर्चा भरेंगे सिलावट ::
भाजपा प्रत्याशी तुलसीराम सिलावट 14 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे से 12 बजे के बीच शुभ मुहूर्त में नामांकन भरेंगे। भाजपा प्रत्याशी सिलावट के अनुसार उनकी पत्नी सुनीता ने पंडित से मुहूर्त निकलवाया है। भाजपा वार रूम व मीडिया सेंटर प्रभारी गोविंद मालू के अनुसार भाजपा प्रत्याशी तुलसीराम सिलावट बुधवार 14 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन एवं भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की उपस्थिति में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बाजार चौक सांवेर से तहसील कार्यालय सांवेर में नामांकन जमा करने के लिए जायेंगे। उन्होंने बताया कि तुलसी सिलावट नामांकन जमा करने से पूर्व बाजार चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करने के पश्चात तहसील कार्यालय पहुंचेंगे। इस अवसर पर भाजपा नगर व जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता व जनप्रतिनिध मौजूद रहेंगे।
:: पर्चा भरने पहले 'महाकाल' का आशीर्वाद लेंगे गुड्डू ::
कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू का कहना है कि मैं मुहूर्त नहीं मानता हूं। आडंबर के बजाय बाबा महाकाल के दर्शन कर 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे बाद नामांकन फॉर्म जमा करूंगा। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ पूर्व मंत्री जीतू पटवारी सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे।
