सांवेर में तकनीकी शिक्षा के लिये शीघ्र खुलेगा आईटीआई

इन्दौर । लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज रेसीडेंसी सभाकक्ष में सांवेर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सभी विभागों से संबंधित सभी समस्याओं का एक माह में निराकरण किया जाये। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारीगण सांवेर क्षेत्र में नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के अविवादित प्रकरण तीन दिन में निराकृत करें। उन्होंने कहा कि सांवेर में शीघ्र ही तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिये आईटीआई (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) खोला जायेगा। उन्होंने कहा कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में आवश्यक सड़कों का निर्माण किया जायेगा। पेयजल समस्याओं का समाधान किया जायेगा। अनुसूचित जाति और जनजाति बहुल ग्रामों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जायेगा। सांवेर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले महीनों में पंचायतवार लोक कल्याण शिविर लगाये जाएंगे। क्षेत्र में जहां पर पक्की सड़क बनाने की जरूरत है, लोक निर्माण विभाग के जरिये शीघ्र ही पक्की सड़क का भूमिपूजन किया जायेगा। सांवेर नगर में नया बस स्टैण्ड, नया अस्पताल और शॉपिंग काम्पलेक्स बनाया जायेगा। नगर में स्ट्रीट लाइट पर्याप्त मात्रा में लगायी जायेगी। क्षेत्र के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जायेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सांवेर क्षेत्र के विकास के लिये कार्ययोजना तैयार करें तथा शिविर लगाकर जनता की समस्याओं का निराकरण करें। शिविर में हितग्राहियों को आदान सामग्री, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ट्राइसिकिल आदि का वितरण करें। सांवेर क्षेत्र में स्वास्थ्य केन्द्र भवन बनाने के लिये राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक जमीन उपलब्ध करायी जायेगी। सांवेर सामुदायिक केन्द्र परिसर में कर्मचारियों के लिये 10 शासकीय क्वार्टर बनाये जाएंगे, जिसके लिये आवश्यक बजट स्वीकृत हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री आगामी 29 अगस्त को झलारिया क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस क्षेत्र में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जायेगा। क्षेत्र के सभी स्कूलों और आँगनवाड़ी केन्द्रों में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की जायेगी। भवनविहीन आँगनवाड़ी केन्द्रों के लिये नये भवन बनाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के शासकीय मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिये पाँच-पाँच लाख रूपये दिये जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने में खुड़ैल, कम्पेल, कनाड़िया और सिवनी में लोक कल्याण शिविर आयोजित किये जाएंगे। क्षेत्र में शीघ्र ही पाँच गौशालाएं खोली जाएंगी। कनाड़िया में नया तहसील भवन बनेगा। ऊर्जा विभाग द्वारा खराब डीपी बदली जायेगी और टूटे हुए खम्बे भी बदले जाएंगे। क्षेत्र में शिविर लगाकर उपभोक्ताओं के विद्युत बिलों का समुचित समाधान किया जायेगा। क्षेत्र की बारिश में खराब सड़कों में गिट्टी डालकर गड्ढे भरे जाएंगे। जय किसान कृषि ऋण माफी येाजना की द्वितीय किश्त सितम्बर माह में जारी की जायेगी। शासकीय भजन मण्डलियों को वाद्य सामग्री खरीदने के लिये 10-10 हजार दिये जाएंगे। युवाओं के लिये हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान बनेगा तथा इन्दौर की बड़ी-बड़ी कम्पनियों के सीएसआर मद (सामाजिक दायित्व) से खेल सामग्री दिलायी जायेगी। सांवेर क्षेत्र के लिये एआईसीटीसीएल द्वारा नयी बसें शुरू की जायेगी। जिला अस्पताल भवन के निर्माण में तेजी लायी जायेगी।
इस अवसर पर एसडीएम श्री राकेश शर्मा, श्री रजनीश श्रीवास्तव, श्री रवीश श्रीवास्तव, श्री शाश्वत शर्मा, श्री सोहन कनाश, श्री आर.एस. मण्डलोई और सांवेर क्षेत्र से सांवेर, कनाड़िया, क्षिप्रा क्षेत्र के तहसीलदार मौजूद थे।
