सानिया ने पाक अभिनेत्री वीना को दिया करारा जवाब

टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने पाक अभिनेत्री वीना मलिक को करारा जवाब दिया है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक विडियो सामने आया है जिसमें सानिया अपने पति शोएब और बच्चे के साथ एक जंक फूड वाले रेस्ट्रॉन्ट में गईं। इस पर वीना ने उनकी आलोचना की और ट्वीट किया, 'सानिया, मैं तुम्हारे बच्चे को लेकर चिंतित हूं। तुम लोग उसे शीशा पैलेस ले गए। क्या यह उसकी सेहत के लिए खतरनाक नहीं है? जहां तक मुझे याद है आर्चीज सिर्फ जंक फूड के लिए ही जाना जाता है और वहां जाना ऐथलीट या फिर लड़कों के लिए सही नहीं है। यह आपको अच्छी तरह पता होना चाहिए क्योंकि आप एक मां भी हैं और एक ऐथलीट भी।'
इसपर सानिया ने कड़ी आपत्ति जतायी है। उन्होंने वीना पर पलटवार करते हुए लिखा, 'वीना, मैं अपने बच्चे को शीशा पैलेस लेकर नहीं गई थी। इसके लिए न तो आपको चिंता करने की जरूरत है और न ही बाकी दुनिया को क्योंकि मुझे लगता है कि मैं अन्य लोगों के मुकाबले अपने बेटे का ध्यान अच्छी तरह रखती हूं। दूसरी बात यह कि मैं पाकिस्तान क्रिकेट टीम की न तो डायटिशन हूं और न ही उनकी मां या प्रिंसिपल या फिर टीचर।' बता दें कि वायरल विडियो के बारे में कहा जा रहा है कि मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए भारत-पाक मुकाबले से एक दिन पहले शोएब मलिक रेस्ट्रॉन्ट में पार्टी कर रहे थे। शोएब भारत के खिलाफ मैच में जीरो पर ही आउट हो गए थे। कई प्रशंसक हार के लिए शोएब को जिम्मेदार मान रहे हैं।
वीना ने एक ट्वीट में लिखा- ओके, तो ये हुआ. पहले, उन्होंने (सानिया ने) ट्वीट किया और तुरंत उस ट्वीट को डिलिट कर दिया। मुझे ब्लॉक कर दिया। मैंने बेहद सभ्य तरीके से अपनी चिंता जाहिर की थी। इस पर एक हेल्दी डिबेट हो सकता था।
वीना ने इसके कुछ वक्त बाद फिर ट्वीट करते हुए कहा- कुछ गट्स रखो और अपने ट्वीट्स डिलिट मत करो। सौभाग्य से तकनीक ने इतनी तरक्की कर ली है कि लोग अपने किए को छुपा नहीं सकते। आपने जो मैगजीन कवर का जिक्र किया था उसमें मॉर्फ्ड तस्वीर लगी थी। मैं आपके साथ हुए तमाम विवाद उठा सकती हूं, लेकिन मैं बहस को डाइवर्ट नहीं करुंगी।
