सियासी सफर पर निकली ‘तारा सिंह’ की गाड़ी, गुरदासपुर में किया नामांकन पत्र दाखिल

लोकसभा चुनाव के लिए पंजाब में नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन सोमवार को गुरदासपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में बॉलीवुड स्टार सनी देओल ने नामांकन भरा है। इससे पहले सनी रविवार को ही अमृतसर पहुंच गए थे। उन्होंने राजनैतिक सफर पर निकलने से पहले सोमवार सुबह 5 बजे श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका। यहां परिक्रमा के दर्शन के बाद सनी ने श्रीदुर्ग्याणा तीर्थ में भी माथा टेका। इसके बाद वह केंद्रीय वाल्मीकि मंदिर भी नतमस्तक हुए। इसके बाद रोड शो करते हुए नामांकन दाखिल करने के लिए गुरदासपुर पहुंचे। सनी का रास्ते में लोग जगह-जगह स्वागत करते देखे गए। वहीं नामांकन के समय उनके साथ भाजपा नेताओं के अलावा भाई बॉबी देओल भी मौजूद रहे।
मूल रूप से लुधियाना के साहनेवाल से ताल्लुक रखने वाले सुपर स्टार धर्मेंद्र के पुत्र सनी देओल का असली नाम अजय सिंह देओल है। बीते दिनों उन्हें देश की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और पीयूष गोयल ने भाजपा में शामिल किया। दरअसल, यहां फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना चार बार भाजपा को जीत दिला चुके हैं। उनके निधन के बाद 2017 में जब उपचुनाव हुए तो यह सीट कांग्रेस के सुनील जाखड़ ने जीत ली। अब भाजपा हर हाल में इस सीट को फिर से हासिल करके विनोद खन्ना की विरासत को बचाना चाहती है। इसी के चलते भाजपा ने बीते दिनों फिल्म अभिनेता सनी देओल को टिकट दिया है।
'काम करके दिखाऊंगा'
सनी ने कहा- जो कुछ आप लोगों ने मेरे बारे में कहा है उससे मुझे हिम्मत मिली है। जिस तरह मेरे पिता अटलजी के साथ जुड़े थे, वैसे ही मैं मोदी जी के साथ जुड़ने आया हूं। मैं चाहता हूं- मोदी जी अगले 5 साल और रहें। हमारे युवाओं को मोदीजी की और जरूरत है। न मैं कुछ बोल सकता हूं, न बता सकता हूं। मैं काम कर के दिखाऊंगा।
