सीएम का नया नारा- न खाएंगे ना खिलाएंगे और जो खा चुके उनका खाया हुआ भी निकालेंगे

गुरुग्राम। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की जन आशीर्वाद रथयात्रा रेवाड़ी से गुरुग्राम के पटौदी विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश कर गई है। गांव नूरगढ़ में मुख्यमंत्री का ग्रामीणों ने फूल-माला से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार 5 साल पहले 2014 में भाजपा को आप लोगों ने आशीर्वाद दिया था, उसी प्रकार अब की बार भी 2019 में फिर से सरकार बनाने के लिए भाजपा को आशीर्वाद दें।
मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय भाजपा के कई नेता भी जन आशीर्वाद रथयात्रा में शामिल हैं। मुख्यमंत्री को सुनने के लिए भीड़ देखी जा रही है।
कांग्रेस और इनेलो पर बरसे मुख्यमंत्री
वहीं रेवाड़ी में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी घरों में नल से पानी की व्यवस्था सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा पहले विपक्ष के लोग मुझ पर सवाल उठाते थे कि काम कैसे कर पाएंगे कोई अनुभव नहीं है। कोसली विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक सैनिक होने के कारण मुख्यमंत्री ने लगभग हर सभा में सैनिकों की वीरता का जिक्र किया। उन्होंने कोसली के गुड़ियानी गांव निवासी महान कवि स्व बाबू बालमुकुंद गुप्त का भी भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने ठेठ हरियाणवी में भाद्रपद की कड़ी धूप का जिक्र करते हुए कहा कि जिसने भादवे का घाम झेल लिया समझो उसने सब कुछ झेल लिया। खट्टर ने कहा कि ऑनलाइन सेवाएं देने से भ्रष्टाचार पर काफी अंकुश लगा है। हम सेवा के लिए सत्ता में हैं।
सीएम ने दिया नया नारा
मनोहर लाल खट्टर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं ना खाएंगे न खिलाएंगे हम कहते हैं न खाएंगे ना खिलाएंगे और जो खा चुके उनका खाया हुआ भी निकालेंगे। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का पूर्ण प्रयास किया गया है। भविष्य में भ्रष्टाचार मुक्ति के लिए पूर्ण प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चिदंबरम जैसे लोग अगर गिरफ्त में आए हैं तो यह प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है।
